मसूरी। विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब मसूरी की ओर से लाला मिल्कीराम स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया के युवाओं पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर जिस गंभीरता और तर्कपूर्ण ढंग से अपने विचार रखे, उसने निर्णायक मंडल के साथ ही उपस्थित लोगों को भी प्रभावित किया। प्रतियोगिता में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर मसूरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब के अध्यक्ष अश्विनी मित्तल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज का युवा सोशल मीडिया के दौर में जी रहा है। सोशल मीडिया जहां युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, नई जानकारियां हासिल करने और दुनिया से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है, वहीं इसके अत्यधिक इस्तेमाल से एकाग्रता, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक व्यवहार पर भी प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को किसी भी विषय के दोनों पक्षों को समझने और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर प्रयास करना है। वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को मंच पर अपनी बात रखने, दूसरों के विचार सुनने और तर्क के साथ अपनी बात साबित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और देश का भविष्य हैं, इसलिए उनके भीतर आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करना बेहद जरूरी है। प्रतियोगिता का विषय श्युवा और सोशल मीडिया रू युवाओं के जुड़ने का माध्यम या अवसाद का कारणश् रखा गया था। इसमें आरएन भार्गव इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर तथा गवर्नमेंट इंटर कॉलेज कैंपटी के दस प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत करते हुए सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं को सामने रखा। प्रतियोगिता में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर मसूरी को लाला मिल्कीराम स्मृति चल वैजयंती एवं ओवरऑल विजेता विद्यालय की ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं सनातन धर्म इंटर कॉलेज की छात्रा मिस्बाह ने सर्वश्रेष्ठ डिबेटर और सर्वश्रेष्ठ प्रत्याख्यान, दोनों पुरस्कार अपने नाम किए। महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र आदर्श रावत को सर्वश्रेष्ठ द्वितीय डिबेटर का पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष शलभ गर्ग ने की। उल्लेखनीय है कि शलभ गर्ग अपने पूर्वजों की स्मृति में प्रतिवर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन करवाते हैं और ट्रॉफियों को प्रायोजित भी करते हैं। प्रतियोगिता की चल वैजयंती ट्रॉफी लगातार दो वर्षों तक विजेता रहने वाले विद्यालय को स्थायी रूप से प्रदान की जाती है। निर्णायक मंडल में रोटरी के पूर्व अध्यक्ष आलोक मेहरोत्रा, सेंट जोसेफ कॉलेज की हिंदी अध्यापिका सुनीता जखमोला तथा मसूरी इंटरनेशनल स्कूल के हिंदी अध्यापक रघुवीर नेगी शामिल रहे। अतिथियों का स्वागत पूर्व अध्यक्ष विपुल मित्तल ने किया। रोटरी की गतिविधियों की जानकारी शैलेन्द्र करणवाल ने दी, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव पूर्व अध्यक्ष डीके जैन ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सचिव शिवम अग्रवाल, पूर्व मंडलाध्यक्ष रणबीर सिंह, शैलेन्द्र करणवाल, मनमोहन करणवाल, विनेश संगल सहित अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
