*चोरी की ज्वैलरी गिरवी रखकर लिया था ₹90 हजार का ऋण, CCTV एवं सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंची पौड़ी पुलिस।*
*चोरी की नोज रिंग बरामद, चोरी की ज्वैलरी से फाइनेंस कराई गई बुलेट मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली।*
कुछ दिन पूर्व कोटद्वार निवासी तपस्या रावत द्वारा कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया गया कि दिनांक 05.11.2026 को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर में घुसकर ज्वैलरी चोरी कर ली गई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा चोरी की घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई। गठित पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। इस दौरान फुटेज में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज एवं सर्विलांस की सहायता से संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उक्त व्यक्ति की चोरी की घटना में संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस टीम द्वारा उसकी गिरफ्तारी के हेतु प्रयास किए गए। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप उक्त चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त रोहित को गोवा से गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान अभियुक्त के कब्जे से वादिनी के घर से चोरी की गई नोज रिंग भी बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्त को गोवा से ट्रांजिट रिमांड पर कोटद्वार लाया गया, जिसके पश्चात अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया कि दिनांक पांच नवम्बर की रात्रि को उसके द्वारा मुकदमा उपरोक्त से संबंधित प्रकरण में घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। जिसके पश्चात चोरी की ज्वैलरी को मुथूट फाइनेंस, कोटद्वार में गिरवी रखकर लगभग नब्बे हजार का ऋण प्राप्त किया था। उक्त धनराशि से अभियुक्त द्वारा धनतेरस के अवसर पर बुलेट मोटरसाइकिल फाइनेंस कराई गई।
पुलिस टीम में
उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा
उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन
कांस्टेबल चंद्रपाल
कांस्टेबल आशीष बिष्ट
कांस्टेबल अवनीश सीआईयू
शामिल थे
