प्रधानाचार्य ने 112 पर दी सूचना; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाही
मसूरी। मसूरी के अटल उत्कृष्ट राजकीय घनानंद इंटर कॉलेज में चोरों ने एक बार फिर केमिस्ट्री लैब को निशाना बनाते हुए लाखों के कीमती उपकरण और अन्य सामान चोरी कर लिया। देर रात चोरों ने लैब के दोनों कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों में रखा सामान साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने से पहले बिजली का कनेक्शन काट दिया गया और सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह लैब प्रभारी के पहुंचने पर चोरी का खुलासा हुआ। उन्होंने तत्काल प्रधानाचार्य रवि उनियाल को इसकी सूचना दी। प्रधानाचार्य ने 112 के माध्यम से मसूरी पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की ओर से चोरी का खुलासा करने के लिए कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
प्रधानाचार्य रवि उनियाल और केमिस्ट्री षिक्षक अष्वनी बगबाडी ने बताया कि इसी केमिस्ट्री लैब में पहले भी चोरी हो चुकी है। बार-बार घटनाएं होने के बावजूद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सीमित संसाधनों में संचालित होता है और सुरक्षा दीवार, तारबाड़ तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए कई बार शिक्षा विभाग और जनप्रतिनिधियों को पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने चिंता जताई कि रात में असामाजिक तत्व विद्यालय परिसर में घुसकर अवांछित गतिविधियां करते हैं। सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग से विद्यालय में बाउंड्री वॉल, तारबाड़ और सीसीटीवी कैमरों की पुख्ता व्यवस्था कराने की मांग की।
प्रधानाचार्य ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी का आभार जताते हुए बताया कि उनके पूर्व विद्यालय भ्रमण के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगवाने और विद्यार्थियों को एक-एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने में सहयोग किया गया था। उन्होंने कहा कि विद्यालय के पास अपने स्तर से सभी सुरक्षा इंतजाम करने के लिए पर्याप्त बजट नहीं है। ऐसे में विभाग और जनप्रतिनिधियों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
