श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 के अंतर्गत आयोजित गढ़-कुमाऊं कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति,पारंपरिक वेशभूषा और पहाड़ी रीति-रिवाजों की अनूठी छटा देखने को मिली। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से न केवल दर्शकों का मन मोह लिया,बल्कि देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को भी मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में महापौर आरती भंडारी और उनके पति पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भण्डारी की विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। महापौर आरती भण्डारी और लखपत सिंह भण्डारी ने पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा में मंच पर पहुंचकर अपनी प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं। महापौर जहां पारंपरिक पहाड़ी परिधान में नजर आईं,वहीं लखपत सिंह भण्डारी टल्ले लगे पारंपरिक पजामे में पुराने पहाड़ की लोकजीवन शैली को साकार करते दिखाई दिए। उनकी वेशभूषा ने गांवों के पुराने रहन-सहन और पहनावे की यादें ताजा कर दीं। इसके बाद दोनों ने पहाड़ी लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को उल्लास और उत्साह से भर दिया। यह प्रस्तुति प्रतियोगिता का हिस्सा न होकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों,परंपराओं और लोक विरासत के प्रति आत्मीय जुड़ाव की सुंदर अभिव्यक्ति रही। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्यारी लाड़ी प्रतियोगिता में वैष्णवी और अनुभूति नौटियाल विजेता रहीं। वहीं प्यारू लाडू प्रतियोगिता में एकमात्र पुरुष प्रतिभागी नैतिक पुंडीर ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। द्वी झणा प्रतियोगिता में अनूप बहुगुणा एवं रुचि बहुगुणा की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी क्रम में स्वाणू नौनू प्रतियोगिता में हिमांशु विजेता रहे,जबकि सुंदर वेदवाल एवं वंश सिंह उपविजेता बने। स्वाणी नौनी प्रतियोगिता में अंजलि सिंह ने प्रथम तथा दीक्षा डिमरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल एवं छवि अग्रवाल उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में फिल्म निर्माता स्वर्गीय घनानंद के पुत्र प्रशांत गढ़वाली,गढ़वाली फिल्म अभिनेता संजय सिलोड़ी और रनवे मॉडल शेखर काला शामिल रहे। नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे मंचों से युवा पीढ़ी को अपनी भाषा,संस्कृति,पहनावे और रीति-रिवाजों को जानने तथा उनसे जुड़ने का अवसर मिलता है। महापौर आरती भण्डारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है,बल्कि यह उत्तराखंड की समृद्ध लोक विरासत को संरक्षित करने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच भी है। गढ़-कुमाऊं जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति,लोकभाषा और रीति-रिवाजों को प्रोत्साहन मिलता है। नगर निगम का प्रयास है कि मेले के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही युवाओं को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ा जाए। गढ़-कुमाऊं कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पहाड़ की असली पहचान उसकी लोकभाषा,पारंपरिक वेशभूषा,लोकनृत्य और सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं में बसती है।
