संविधान के आदर्शों से ही बनेगा समरस और सशक्त भारत-गढ़वाल विश्वविद्यालय में हमारा संविधान,हमारा स्वाभिमान,कार्यक्रम में गूंजी संवैधानिक मूल्यों की आवाज

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं,बल्कि देश की लोकतांत्रिक चेतना,सामाजिक न्याय,समानता और राष्ट्रीय एकता का आधार स्तंभ है। संविधान में निहित आदर्शों को अपने आचरण और व्यवहार में आत्मसात करके ही एक जागरूक,जिम्मेदार एवं समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। इसी संदेश के साथ हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ.आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर चौरास परिसर स्थित शैक्षणिक गतिविधि केंद्र में हमारा संविधान,हमारा स्वाभिमान विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरि भजन सिंह चौहान,छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो.ओ.पी.गुसाईं,पौड़ी सदर के क्षेत्राधिकारी दिव्येश उपाध्याय तथा वित्त अधिकारी डॉ.अजय कुमार मोहंती विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक,अधिकारी,कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम संयोजक एवं डॉ.आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के संयोजक प्रो.मदन मोहन सेमवाल ने स्वागत संबोधन में संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और उसकी मूल भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान में समाहित न्याय,स्वतंत्रता,समानता और बंधुत्व के मूल्य भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं। संविधान को केवल पढ़ना और समझना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके आदर्शों को दैनिक जीवन,व्यवहार और सामाजिक आचरण में अपनाना भी आवश्यक है। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह के नेतृत्व में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा। इस दौरान उपस्थित अतिथियों,शिक्षकों एवं प्रतिभागियों ने संप्रभुता,समाजवाद,पंथनिरपेक्षता,लोकतंत्र,गणराज्य,न्याय,स्वतंत्रता,समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में संवैधानिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। इसमें निहित आदर्श न्यायपूर्ण,समानतापूर्ण एवं समरस समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व,संस्कार और नैतिक मूल्यों के निर्माण में माता-पिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। परिवार व्यक्ति की पहली पाठशाला है,जबकि शिक्षण संस्थानों का दायित्व विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना,सामाजिक उत्तरदायित्व,अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया। पौड़ी सदर के क्षेत्राधिकारी दिव्येश उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सामाजिक एवं समसामयिक चुनौतियों पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने सामाजिक संचार माध्यमों के बढ़ते प्रभाव,उनके सकारात्मक उपयोग और दुरुपयोग से उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के स्वीकार अथवा प्रसारित नहीं करना चाहिए। भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सतर्क रहना आज के समय की बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के दबाव एवं प्रतिस्पर्धा के बीच धैर्य बनाए रखने,लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और नशे जैसी हानिकारक प्रवृत्तियों से दूर रहने की प्रेरणा दी। साथ ही शिक्षकों,माता-पिता एवं बुजुर्गों के प्रति सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो.ओ.पी.गुसाईं ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया,संविधान सभा की भूमिका तथा भारत रत्न डॉ.भीमराव आंबेडकर के अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विभिन्न सामाजिक,राजनीतिक एवं ऐतिहासिक परिस्थितियों के गहन अध्ययन और व्यापक विचार-विमर्श का परिणाम है। संविधान के प्रावधानों को समझने के साथ-साथ उनके पीछे निहित सामाजिक न्याय,समानता और लोकतांत्रिक भावना को समझना भी आवश्यक है। बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरि भजन सिंह चौहान ने संविधान दिवस के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है,बल्कि विद्यार्थियों को संवेदनशील,जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी उनका महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने संवैधानिक मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर बल दिया। कार्यक्रम में संविधान निर्माण से जुड़े ऐतिहासिक व्यक्तित्वों,संविधान सभा के योगदान और डॉ.राजेंद्र प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की विविधता को एक सूत्र में पिरोने,सामाजिक सद्भाव स्थापित करने और प्रत्येक नागरिक को समान अवसर प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। संविधान की वास्तविक सार्थकता तभी सिद्ध होगी,जब उसके आदर्श समाज के प्रत्येक व्यक्ति के व्यवहार और जीवन में दिखाई देंगे। इस अवसर पर प्रो.डी.एस.नेगी,डॉ.रोहित मेहर,डॉ.कविता भट्ट,डॉ.वीर सिंह,डॉ.प्रकाश सिंह,डॉ.मुकेश सहाय,डॉ.शैलेंद्र चमोला सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक,प्राध्यापक,अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।‌कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ.अरविंद सिंह रावत ने किया। अंत में डॉ.प्रकाश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि,विशिष्ट अतिथियों,विश्वविद्यालय प्रशासन,आयोजन समिति,शिक्षकगण एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र के प्रति संवैधानिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ। इस आयोजन ने स्पष्ट संदेश दिया कि संविधान केवल कानून की पुस्तक नहीं,बल्कि भारत की लोकतांत्रिक पहचान,सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का जीवंत आधार है।