कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय तेगड़-लोस्तू बडियारगढ़ टिहरी गढ़वाल में 26 नवंबर को संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने भारतीय संविधान के आदर्शों,लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ.भीमराव अंबेडकर के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ.दिनेश सिंह नेगी ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय,स्वतंत्रता,समानता एवं बंधुता जैसे मूलभूत आदर्शों की गारंटी प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जागरूक,जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ.वेणीराम अंथवाल ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और संविधान सभा के महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से विचार रखे। वहीं प्राध्यापिका डॉ.सृजना राणा ने मौलिक अधिकारों,नागरिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती कविता बिष्ट ने मौलिक अधिकारों के अंतर्गत स्वतंत्रता के अधिकार की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक अधिकारों से अवगत कराया। संविधान दिवस के अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से युवा पीढ़ी एवं संवैधानिक मूल्यों का महत्व विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों की महत्ता को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कृष्णा ने प्रथम,अपेक्षा ने द्वितीय तथा अभिषेक सिंह नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अनुष्का एवं श्रेष्ठी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्राध्यापकों,कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने संविधान के प्रति जागरूक रहने तथा देश की एकता,अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने,अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने के संदेश के साथ हुआ।
