सेवा पुस्तिका गुम करने वाले व्यक्ति को ढूंढने के लिए मंदिरों में चढ़ाए जाएंगे अक्षत(चावल)।
राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड एनएच लोहाघाट के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार ने एक अजीबो गरीब आदेश जारी किया है। उन्होंने सहायक अभियंता की सेवा पुस्तिका गुम होने के चलते एनएच के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को दो-दो मुट्ठी अक्षत (चावल)आज 17 मई तक मंदिर में डालने के लिए लाने के निर्देश लिखित में जारी किए हैं । अधिशासी अभियंता का यह निर्देश काफी चर्चाओं में है ।निर्देश में लिखा गया है सहायक अभियंता जय प्रकाश की सेवा पुस्तिका अधिष्ठान सहायक की अलमारी से गुम हो गई है। जो काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिल पाई है अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार ने अब सहायक पुस्तिका ढूंढने व गुम करने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए। देवी देवताओं की सहायता लेने का निर्णय लिया है। जिसके लिए सभी कार्मिकों को मंदिर में डालने के लिए दो-दो मुट्ठी चावल 17 मई तक लाने के निर्देश दिए है।मामला काफी चर्चाओं में है। मालूम हो पहाड़ों में जब कोई वस्तु चोरी हो जाती है तो लोग देवी देवता के मंदिरों में चोर को दंडित करने के लिए अक्षत मंदिरों में चढ़ाते हैं। मामले में अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार ने फोन वार्ता में बताया यह आदेश उनके द्वारा जारी नहीं किया गया है किसी व्यक्ति के द्वारा उनके नाम से झूठा आदेश दिया गया है। मामले में मुख्य अभियंता ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता से 3 दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। आदेश में स्पष्ट लिखा है आशुतोष कुमार ने सेवा नियमावली का उल्लंघन किया है।
