मसूरी में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर आर एन भार्गव इण्टर कॉलेज, मसूरी में पेंटिंग (कला) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों और आमजन को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। और कला प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने तंबाकू के सेवन से बचाव विषय पर अपनी चित्रकला के माध्यम से तंबाकू के सेवन के दुष्परिणामों को रेखांकित किया। रंगों और रेखाओं के माध्यम से छात्रों ने यह संदेश दिया कि तंबाकू से न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक स्तर पर भी नुकसान पहुंचाता है। प्रतियोगिता के अंत में चयनित उत्कृष्ट कृतियों के लिए छात्रों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की और ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने की बात कही। प्रतियोगिता सीनियर एवं जूनियर वर्ग में आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अत्यंत प्रभावशाली चित्र प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में कक्षा 9 के करण थापा ने पहला, कक्षा 9 के संदीप ने दूसरा और कक्षा 11 के अमित कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में कक्षा 8 के आदर्श ने पहला, कक्षा 8 के अनिल पवार ने दूसरा और कक्षा 6 के अनिल ने तीसरा स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में विजयी प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य अनुज कुमार तायल द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने तम्बाकू से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला और जीवन में नशे से दूर रहकर सकारात्मक और रचनात्मक दिशा में अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ किया गया। आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने का माध्यम बन सकती हैं।
मसूरी में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन
