श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी(आर्चरी) स्टेट प्रतियोगिता 6 जून से 9 जून 2025 तक नैनीताल में आयोजित हो रही है,जिसमें श्रीनगर की धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। श्रीनगर की बेटी सनाया भंडारी ने प्रदेश स्तर की तीरंदाजी (आर्चरी) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। सनाया की इस उपलब्धि से न केवल श्रीनगर गढ़वाल,बल्कि पूरे उत्तराखंड को गर्व महसूस हो रहा है। सनाया (माही) भंडारी नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भण्डारी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भण्डारी की बेटी है। तीरंदाजी में सनाया की यह सफलता कठिन मेहनत,अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। सनाया ने अपनी जीत के बाद कहा,मेरा सपना है कि मैं एक दिन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करूं और देश का नाम रोशन करूं। उनकी इस जीत पर पूरे नगर में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों व खेलप्रेमियों ने सनाया को बधाइयों से नवाजा है। सनाया की इस उपलब्धि पर उनके पिता लखपत सिंह भंडारी ने कहा बेटियां देश की शान होती हैं। सनाया ने आज यह साबित कर दिया है। हमें उस पर गर्व है। इससे पूर्व सनाया भंडारी ने नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया था जो कि आंध्रप्रदेश में 25 से 30 मार्च 2025 को आयोजित हुई थी,खेल जगत के विशेषज्ञों का मानना है कि सनाया (माही) में भविष्य की एक बेहतरीन खिलाड़ी बनने की पूरी क्षमता है। अगर उसे उचित मार्गदर्शन और संसाधन मिलें,तो वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रौशन कर सकती है। राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल,ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना श्रीनगर गढ़वाल की बेटी सनाया (माही) भण्डारी की शानदार उपलब्धि। मेयर आरती भण्डारी और लखपत सिंह भंडारी की सुपुत्री सनाया (माही) की यह सफलता क्षेत्र के उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी,जो खेलों के माध्यम से अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। सनाया की मेहनत,लगन और समर्पण को सलाम।
प्रदेश स्तर पर तीरंदाजी में श्रीनगर की सनाया भण्डारी का जलवा,राज्य स्तर पर जीता सिल्वर मेडल
