समलौण पौध रोपकर मां को किया याद

श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकास खण्ड खिर्सू के ग्राम न्यालगढ में स्व.रतनमणी पोखरियाल की धर्मपत्नी स्व.गणेशी देवी के वार्षिक पिण्डदान की स्मृति में सड़क किनारे उनके चारों पुत्रों भगतराम पोखरियाल,जगतराम पोखरियाल,दयाराम पोखरियाल एवं जयानन्द पोखरियाल ने तेजपात का समलौण पौधा रोपकर पुण्य आत्मा की शान्ति की प्रार्थना कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देकर मां को याद किया। कार्यक्रम का संचालन समलौण संस्था के संस्थापक बीरेंद्र दत्त गोदियाल ने किया। उन्होंने कहा आज हम पुण्य आत्मा की यादों को चिरस्थाई बनाने के लिए पौधे का रोपण कर रहे हैं,ताकि जिससे पौधे का संरक्षण कर भविष्य में यह वृक्ष गांववासियों को पुण्य आत्मा की याद दिलाती रहेगी और ग्रामीण उक्त वृक्ष को पित्र देववृक्ष मानकर पूजा करेंगे,साथ ही पर्यावरण के प्रति भावनात्मक रूप से जागरूक भी होंगे। इस अवसर पर भगतराम पोखरियाल ने कहा कि इस पौधे के संरक्षण के लिए ट्री गार्ड बनाकर पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी लेता हूं,क्योंकि मां का स्थान पृथ्वी से बढ़कर होता है,इसलिए मां के दूध के ऋण से उऋण तभी हो सकूंगा,जब पौधे का संरक्षण कर वृक्ष न बन जाए,तभी हमारा पर्यावरण मजबूत होगा। कार्यक्रम में विजय सिंह,मातबर सिंह,परमानन्द पौखरियाल,पंडित दिनेश नौड़ियाल,सूभाष नेगी,सर्वेश्वरी देवी,इन्दू देवी,गुड्डी देवी,विशेश्वरी देवी एवं समस्त ग्रामीण उपस्थित थे।