बागवान पावर हाउस सबस्टेशन में फॉल्ट आने से सैकड़ों गांवों की बिजली और पानी की सप्लाई हुई प्रभावित

कीर्तिनगर /श्रीनगर गढ़वाल। विगत दिवस 9 जून को दिन में 3 बजे बागवान में स्थित 33 KV UPCL पावर सब स्टेशन के ट्रांसफार्मर में खराबी आने से हिंसरियाखाल पट्टी,कड़ाकोट पट्टी और चंद्रबदनी पट्टी के हजारों ग्रामीणों के घरों में अंधेरा छा गया। सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बेहद महत्वपूर्ण पावर स्टेशन में ट्रांसफार्मर के खराब होने पर न तो दूसरा ट्रांसफार्मर उपलब्ध था ना कोई वैकल्पिक व्यवस्था विद्युत विभाग के पास थी। भट्ट ने कहा कि लाइट न होने से इस भीषण गर्मी एक तरफ जनता परेशान रही तो दूसरी तरफ अंधेरे में जंगली जानवरों के डर के साए में लोग रात को जागते रहे। अधिशासी अभियंता को मौके कर ज्ञापन देते हुए कहा कि अगर एक दिन और लाइट की व्यवस्था न हुई तो बागवान हिंडोलाखाल पंपिंग योजना और हड़ीमधार पंपिंग योजना से जुड़े सेकडो गांवों में पेयजल संकट भी पैदा होगा। गणेश भट्ट ने विद्युत आपूर्ति ना बहाल होने की स्थिति में क्षेत्रीय जनता के साथ कल सुबह विभागीय अधिकारियों के घेराव की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों और आक्रोश व्यक्त करने वालों में नरेश कोठियाल,टीकाराम रतूड़ी,अनिल लिंगवाल,विनोद रौथाण,हरेंद्र असवाल,ज्योति बंगवाल,मनोज राणा,सुधीर रतूड़ी,रंगी लाल,संजय लाल,प्रवीण रतूड़ी आदि शामिल रहे।