पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड एक बार फिर अपनी बेटियों की असाधारण प्रतिभा पर गर्व महसूस कर रही है। पौड़ी जनपद की प्रतिभावान और आत्मविश्वासी बेटी स्मृति रावत ने मिस उत्तराखंड-2025 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर न केवल जिले का,बल्कि पूरे प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। कड़े मुकाबले के बीच स्मृति ने अपने सौंदर्य,आत्मबल और मंचीय कौशल के दम पर यह ताज हासिल किया। उन्होंने यह साबित कर दिया कि उत्तराखंड की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं,चाहे वह शिक्षा हो,कला हो या फिर फैशन और मॉडलिंग का मंच। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से बधाईयों का तांता,हिमालय क्रांति पार्टी की ओर से प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह बिष्ट ने स्मृति को उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि स्मृति रावत ने मिस उत्तराखंड 2025 का ताज जीतकर न सिर्फ अपने परिवार,बल्कि समूचे पौड़ी और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने आगे कहा कि हिमालयी बेटियों के सपने अब सीमित नहीं हैं,वे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और स्मृति रावत इसका जीवंत उदाहरण हैं। बेटियों की उड़ान को मिला नया आकाश-स्मृति की इस ऐतिहासिक जीत ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सपने अगर सच्चे इरादों और मेहनत के साथ देखे जाएं तो पहाड़ों से भी ऊंची उड़ान संभव है। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत गौरव की बात है,बल्कि यह समस्त उत्तराखंड की बेटियों को नए हौसले और आत्मविश्वास से भरने वाली कहानी बन चुकी है। हिमालय क्रांति पार्टी सहित पूरे पौड़ी जिले व राज्य की जनता की ओर से स्मृति रावत को अनंत शुभकामनाएं व उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक मंगलकामनाएं।
पौड़ी की बेटी स्मृति रावत बनीं मिस उत्तराखंड 2025,राज्य और जिले का किया नाम रोशन
