धारचूला (पिथौरागढ़), 30 जुलाई
उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र व्यास घाटी से मतदान कर लौट रहे ग्रामीणों को ला रही बोलेरो कैम्पर वाहन बूदी के पास ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में 6 लोग सवार थे, जबकि 3 राहगीर वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में सभी घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है। क्षेत्रीय विधायक श्री हरीश धामी ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए धारचूला के मुख्य चिकित्साधिकारी से संपर्क कर घायलों को समुचित उपचार देने का अनुरोध किया है। साथ ही जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
विधायक धामी ने माननीय मुख्यमंत्री से अपील की है कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए धारचूला विधानसभा क्षेत्र में स्थायी हेली सेवा की व्यवस्था की जाए, ताकि आपातकालीन स्थितियों में उच्च हिमालयी क्षेत्रों के ग्रामीणों को समय पर राहत मिल सके।
