श्रीनगर गढ़वाल। मानव तस्करी के विरुद्ध वैश्विक स्तर पर मनाए जाने वाले विश्व दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के निर्देशन में बुधवार 30 जूलाई को बाल सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह विशेष रैली बाल सुरक्षा यात्रा अभियान के तहत आयोजित की गई,जिसका नेतृत्व सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं अध्यक्ष,तहसील विधिक सेवा समिति कु.अलका ने किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर से आरंभ हुई रैली शहर के प्रमुख गोला बाजार,काला रोड व राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए पुनः इंटर कॉलेज परिसर में समाप्त हुई। रैली में छात्राओं ने बाल सुरक्षा,मानव तस्करी,बाल श्रम निषेध और विधिक अधिकारों से जुड़ी तख्तियों व नारों के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया। रैली के समापन अवसर पर सिविल जज कु.अलका ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाल सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं,समाज की सामूहिक जवाबदेही है। उन्होंने बाल श्रम कानून फैक्ट्री अधिनियम एवं किशोर न्याय अधिनियम की जानकारी देते हुए बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों से परिचित कराया। इस अवसर पर श्रीनगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेश चन्द्र जोशी,संरक्षक अनूप पांथरी,एसएसआई भुवन चन्द्र कोतवाली श्रीनगर,खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत,प्राचार्या सुमन लता पंवार राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा पीएलवी सदस्यगण पूनम हटवाल,प्रियंका रॉय,प्रकाश नेगी,मानव बिष्ट,रोशनी रतूड़ी,न्यायालय कर्मचारी रीडर निर्मल कुमार,ज्योतिष घिल्डियाल,आनंद प्रसाद भारती,सोहन सिंह आदि उपस्थित रहे। इस रैली ने न सिर्फ विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया,बल्कि आमजन में भी बाल सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।
मानव तस्करी के विरुद्ध बाल सुरक्षा रैली आयोजित,मौलिक अधिकारों व विधिक जानकारी से जागरूक हुए छात्र
