श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटी सनाया भण्डारी ने मेरठ में आयोजित सीबीएसई उत्तर क्षेत्र तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण पदक तथा एक कांस्य पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही सनाया ने राष्ट्रीय स्तर के खेलों के लिए भी स्थान सुरक्षित कर लिया है। सोशल बलूनी सार्वजनिक विद्यालय देहरादून की कक्षा 7 में अध्ययनरत सनाया ने यह सिद्ध कर दिखाया है कि दृढ़ निश्चय,कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता। आज वह बाल्यावस्था में ही तीरंदाजी के क्षेत्र में एक चमकता सितारा बनकर उभरी हैं। सनाया अब तक निम्नलिखित प्रमुख प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। तृतीय आर.जे.के.स्वर्ण पदक खुली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025। छठी उप-कनिष्ठ तथा आठवीं वरिष्ठ राज्य तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025 नैनीताल। राज्य तीरंदाजी प्रतियोगिता पौड़ी गढ़वाल। 14 वीं एनटीपीसी चेरुकुरी लेनिन वोल्गा स्मृति मिनी (15 वर्ष से कम आयु वर्ग) राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता आंध्र प्रदेश। इस सफलता से न केवल श्रीनगर बल्कि पूरे पौड़ी जनपद और उत्तराखंड राज्य में गौरव और उत्साह की लहर है। सोशल मीडिया पर यह नन्ही तीरंदाज सभी की प्रशंसा का केंद्र बनी हुई है। सनाया के पिता लखपत सिंह भण्डारी (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) तथा माता आरती भण्डारी (मेयर नगर निगम श्रीनगर) ने इस सफलता को बेटी की कड़ी मेहनत,समाज के सहयोग एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। उन्होंने प्रधान प्रशिक्षिका प्रतिभा धामी तथा कोच कुलदीप बिष्ट का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार की ओर से शुभकामना संदेश-सोशल बलूनी सार्वजनिक विद्यालय देहरादून तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं एवं अभिनंदन। हमारी प्रतिभाशाली छात्रा सनाया भण्डारी द्वारा प्राप्त की गई ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिवार अत्यंत गर्वित है। यह सफलता न केवल विद्यालय अपितु संपूर्ण प्रदेश के लिए एक प्रेरणा है। हमें पूर्ण विश्वास है कि सनाया भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी देश का नाम रोशन करेंगी। समस्त शिक्षकगण,प्रशिक्षण दल एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से उन्हें उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं।
श्रीनगर की शान सनाया भण्डारी की तीरंदाजी में सुनहरी उड़ान,स्वर्ण व कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय खेलों में मारी छलांग
