श्रीनगर गढ़वाल। प्राकृतिक संतुलन और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को लेकर एक सराहनीय पहल करते हुए धर्मजागरण समिति एवं कड़क सेवा दल के संयुक्त तत्वावधान में कमलेश्वर नदी तट पर एक तीन दिवसीय वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान में गुरु राम राय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ सहभागिता कर मिसाल कायम की। कार्यक्रम के प्रथम दिन नदी किनारे पीपल,नीम,विल्वपत्र,जामुन,अमरुद,नीम आदि फलदार पौधों के साथ-साथ औषधीय पौधों का भी रोपण किया गया। मिट्टी की पकड़ को मजबूत करने वाले पौधे चुनकर पर्यावरणीय वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिचय दिया गया। समिति के वरिष्ठ सदस्य संजय घिल्डियाल ने कहा कि पेड़ है तो जीवन है-वृक्ष न केवल प्रकृति के फेफड़े हैं,बल्कि नदी तटों को कटाव से भी बचाते हैं। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित वातावरण देना हम सभी का नैतिक दायित्व है। वहीं भगवती सिंह कठैत ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस अभियान में सेवा दल के स्वयंसेवक और स्कूली छात्र मिलकर कमलेश्वर क्षेत्र को हरा-भरा बनाने हेतु निरंतर कार्यरत रहेंगे। नन्हे हाथों में बड़ा संकल्प-विद्यालय के बच्चों ने जहां पौधों को रोपित किया,वहीं उनमें उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली। बच्चों की आंखों में उत्साह और दिलों में प्रकृति के प्रति प्रेम झलक रहा था। ये पौधे हमारे दोस्त हैं,हम इन्हें बड़ा करेंगे कहते हुए बच्चों ने आशा की एक नई किरण जगा दी। स्थानीय लोगों की सराहना-स्थानीय जनमानस ने इस जन-जागरूकता अभियान की भूरी-भूरी प्रशंसा की। अनेक बुजुर्गों और युवाओं ने भी स्वेच्छा से अभियान में सहभागिता कर यह संदेश दिया कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार का नहीं,बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। वृक्ष एक संकल्प है जीवन,पर्यावरण और भविष्य के लिए। इस वृक्षारोपण अभियान में शैलेश रावत,हरि कृष्णा रतूड़ी,लाल सिंह,शिवचरण डबराल,मोहित,अंकित,सुनील,सुनीत,पीयूष,प्रांजल,सार्थक आदि द्वारा विशेष सहयोग दिया जा रहा है।
हरियाली से हरित भविष्य की ओर-कमलेश्वर नदी तट पर धर्मजागरण समिति और कड़क सेवा दल का प्रेरणादायक वृक्षारोपण अभियान
