मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ों की नींव को हिला कर रख दिया है। रविवार को मॉर्डन स्कूल के निकट स्थित खरोला निवास क्षेत्र में एक भयानक भूस्खलन ने स्थानीय निवासियों की सांसें थमा दीं। भूस्खलन से एक परिवार के दो कमरे पूरी तरह ध्वस्त हो गए, और उनके घर तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग भी मलबे में दफन हो गया। अब यह परिवार पूरी तरह से बाहरी संपर्क से कट चुका है और मदद की प्रतीक्षा में है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सब कुछ कुछ ही पलों में हुआ। जोरदार आवाज़ के साथ ज़मीन खिसकी और देखते ही देखते दो कमरे मिट्टी में समा गए। गनीमत यह रही कि उस समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित स्थान पर थे, जिससे जानमाल की हानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कमल राठोर भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर ढाढ़स बंधाया और राहत व पुनर्वास की व्यवस्था का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पीडित परिवार को आपदा के नियमों के अनुसार मदद दी जायेगी। प्रशासन ने मसूरी के सभी संवेदनशील इलाकों में रह रहे लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जहां खतरा अधिक है, वहां से स्थानांतरण की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। बारिश लगातार जारी है, जिससे राहत कार्यों में भी बाधा आ रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक और बारिश की चेतावनी दी है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।
मसूरी में भूस्खलन की मार, मसूरी के खरोला निवास में तबाही, बारिश बनी कहर
