पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक समन्वित प्रयास के तहत डायरिया नियंत्रण अभियान और विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि डायरिया नियंत्रण अभियान 30 सितंबर 2025 तक चलाया जाएगा,जबकि विश्व स्तनपान सप्ताह की शुरुआत 1 अगस्त से हो चुकी है,जो 7 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। सीएमओ डॉ.शुक्ला के अनुसार इन दोनों अभियानों का प्रमुख उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि डायरिया नियंत्रण अभियान के अंतर्गत जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों में ओआरएस (ORS) और जिंक कॉर्नर स्थापित किए जा रहे हैं,जहां लोगों को निःशुल्क ओआरएस पैकेट और जिंक टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त,आशा कार्यकर्ता और एएनएम (सहायक नर्स दाई) द्वारा घर-घर जाकर शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है। इस दौरान लोगों को ओआरएस घोल के सही उपयोग,साफ-सफाई,सुरक्षित जल उपयोग तथा प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी दी जा रही है। वहीं विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नवप्रसूता महिलाओं से संपर्क कर उन्हें स्तनपान की महत्ता समझाई जा रही है। सीएमओ ने बताया कि नवजात शिशु के लिए केवल मां का दूध ही संपूर्ण आहार है और इससे न केवल शिशु के शारीरिक व मानसिक विकास में मदद मिलती है,बल्कि उसे बीमारियों से लड़ने की प्राकृतिक प्रतिरोधक शक्ति भी मिलती है। स्वास्थ्य विभाग की यह पहल जनमानस को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शिशु मृत्यु दर को कम करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। जनपद के सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। डॉ.शुक्ला ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी अथवा सहायता के लिए अपने नजदीकी चिकित्सा इकाई,आशा कार्यकत्री या एएनएम से संपर्क कर सकता है। यह अभियान तभी सफल होगा जब जनभागीदारी और जागरूकता दोनों मिलकर काम करेंगी। विशेष जानकारी के लिए संपर्क करें-निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,आशा कार्यकर्ता/एएनएम,मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पौड़ी।
जनपद में डायरिया नियंत्रण और स्तनपान जागरूकता पर फोकस,स्वास्थ्य विभाग चला रहा व्यापक अभियान
