देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।
देवप्रयाग विकास खण्ड के ग्राम तुणंगी में हाल ही में निर्वाचित ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी ने अपने कार्यकाल की प्रभावशाली शुरुआत करते हुए गांव के मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई तथा झाड़ियों के उन्मूलन का व्यापक अभियान प्रारंभ किया है। बरसात के मौसम में बढ़ती हरियाली के बीच झाड़ियों के फैलाव से जहां एक ओर आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी,वहीं दूसरी ओर जंगली जानवरों का खतरा भी गांववासियों को सताने लगा था। लक्ष्मी देवी ने गांव के फरस्वाड़ी,नौक,अन्नपूर्णा मंदिर से वेधशाला गढ़ी तोक तक फैले मार्गों में झाड़ी काटने और गंदगी हटाने का जिम्मा स्वयं लिया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल दिखावे का नहीं,बल्कि गांववासियों की सुरक्षा,स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। गांववासियों ने ग्राम प्रधान की इस तत्परता की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि वर्षों बाद किसी जनप्रतिनिधि ने ग्रामीण समस्याओं की नब्ज को इतनी गहराई से समझा और त्वरित कार्यवाही भी की। उनका मानना है कि यदि प्रत्येक गांव में इसी तरह रास्तों की सफाई और झाड़ियों का नियमित उन्मूलन किया जाए,तो न केवल जंगली जानवरों के खतरे को रोका जा सकता है,बल्कि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। ग्राम तुणंगी में प्रारंभ यह अभियान अब एक मिसाल बनता जा रहा है,जहां एक ओर स्वच्छता की अलख जल रही है,वहीं दूसरी ओर स्थानीय नेतृत्व की नई सोच और सक्रियता का परिचय भी मिल रहा है। ग्राम प्रधान प्रधान लक्ष्मी देवी का कहना है कि स्वच्छता सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं है,यह स्वस्थ और जागरूक समाज की नींव है,हम सभी का दायित्व है कि अपने गांव को स्वच्छ सुंदर और सुरक्षित बनाएं।
ग्राम तुणंगी में सफाई अभियान की सराहनीय शुरुआत-नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी ने दिखाई कर्मठता की मिसाल
