श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम ने स्वच्छता अभियान को और सख्ती से लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम पार्षद सूरज नेगी ने घोषणा की है कि न्यू कमलेश्वर के मुख्य मार्ग पर और आसपास कूड़ा फेंकने वालों की अब सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही,क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे ताकि लोगों को पहले से ही साफ चेतावनी मिल सके। पार्षद सूरज नेगी ने बताया कि कमलेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य द्वार से सटे न्यू कमलेश्वर मोहल्ला,सीतापुर आई हॉस्पिटल के पास लंबे समय से कूड़ा फेंकने की शिकायतें मिल रही थीं। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्थान की स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है,इसलिए एक-दो दिन में यहां निजी संसाधनों से सीसीटीवी कैमरे और चेतावनी बोर्ड लगा दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी में कूड़ा फेंकते पकड़े गए लोगों पर नगर निगम प्रशासन तुरंत चालान करेगा और जुर्माना वसूलेगा। अगर वही व्यक्ति दोबारा पकड़ा गया,तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पार्षद ने बताया कि न्यू कमलेश्वर के अलावा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इस तरह के कैमरे लगाने की योजना है,जिससे सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही,नगर निगम प्रशासन कूड़ा वाहनों की गश्त भी बढ़ाएगा ताकि लोग सड़क पर कूड़ा डालने के बजाय निर्धारित स्थान पर ही उसका निस्तारण करें। स्थानीय निवासियों की मांग मौहल्ले के निवासी गंभीर सिंह रौतेला,शिव सिंह नेगी और जसपाल सिंह चौहान ने नगर निगम से यहां स्थायी कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उचित डस्टबिन और निस्तारण व्यवस्था उपलब्ध हो,तो लोग सड़क पर कूड़ा डालने से बचेंगे। श्रीनगर की सड़कों पर कूड़ा फेंका,तो चालान के साथ कानूनी कार्रवाई तय है।
श्रीनगर नगर निगम के न्यू कमलेश्वर में सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों पर शिकंजा,अब लगेगा चालान और होगी कानूनी कार्रवाई
