रक्षाबंधन पर वार्ड-29 में हरियाली का संदेश पार्षद पूजा किमोठी ने किया पौधारोपण

श्रीनगर गढ़वाल। रक्षाबंधन जैसे पवित्र और प्रेमपूर्ण त्योहार को इस वर्ष एक अनोखे अंदाज में मनाते हुए श्रीनगर नगर निगम भक्तियाना-शितला माता मंदिर वार्ड-29 की पार्षद पूजा किमोठी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अपने वार्ड में आम,जामुन,अमरुद और नींबू के पौधों का पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर न केवल प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई,बल्कि समाज को भी रिश्ता सिर्फ भाई-बहन का ही नहीं,धरती मां से भी निभाएं का संदेश दिया। कार्यक्रम में वार्ड की सम्मानित सदस्यगण और स्थानीय लोग उत्साह के साथ मौजूद रहे। इस अवसर पर सुरज किमोठी,जी.पी.पोखरियाल,बीरेंद्र बहुगुणा,दुर्गेश बड़थ्वाल,पंकज अणथ्वाल,मदन रावत,संजय किमोठी,कान्ता प्रसाद,सहित कई समाजसेवी और स्थानीय युवा उपस्थित रहे। पार्षद पूजा किमोठी ने कहा रक्षाबंधन का असली भाव सिर्फ रक्षा का वचन देना ही नहीं,बल्कि प्रकृति की रक्षा करना भी है। अगर हम धरती और पर्यावरण की सुरक्षा करेंगे,तो आने वाली पीढ़ियां भी खुशहाल रहेंगी। स्थानीय नागरिकों ने पार्षद के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल अन्य वार्डों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया और रक्षाबंधन के पावन दिन को हरियाली और सकारात्मक संदेश के साथ यादगार बना दिया।