श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जनपद के पाबौं ब्लॉक के अंतर्गत फल्दवाड़ी गांव में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस आपदा में गांव के निवासी चमन सिंह राणा के मकान को गंभीर क्षति पहुंची और उनका जीवन एक पल के लिए संकट में पड़ गया। ईश्वर की कृपा से वे बाल-बाल बच गए,किंतु उनके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल वे श्रीकोट के बेस अस्पताल में उपचाराधीन हैं। आपदा के समय प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री तथा श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अन्य प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे थे। इस कारण वे स्वयं अस्पताल नहीं पहुंच सके,परंतु उन्होंने तुरंत भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल और जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट को अस्पताल भेजकर मरीज का हालचाल लेने का निर्देश दिया। दोनों भाजपा पदाधिकारी तुरंत बेस अस्पताल पहुंचे और चमन सिंह राणा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली,साथ ही हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इसी बीच डॉ.रावत ने स्वयं भी दूरभाष पर चमन सिंह राणा से बात की और कहा मैं लगातार डॉक्टरों से आपके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहा हूं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत मुझे बताएं। सरकार और संगठन हर परिस्थिति में आपके साथ हैं। डॉ.रावत ने आगे कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के सभी आपदा प्रभावित गांवों का गहन निरीक्षण किया जा रहा है और प्रत्येक पीड़ित परिवार को सरकारी एवं संगठनात्मक स्तर पर पूरी मदद दी जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावितों का हालचाल लेने और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी द्वारा आपदा राहत हेतु तत्काल रुपए 35 लाख की सांसद निधि स्वीकृत करने पर आभार व्यक्त किया। अंत में डॉ.रावत ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार हर आपदा प्रभावित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने दूरभाष पर लिया हालचाल,भाजपा प्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर दिया हरसंभव मदद का भरोसा
