जौनसार बावर जनजाति क्षेत्र के कालसी ब्लॉक सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायपालिका और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की। मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों ने स्वागत गीत और लोक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
ग्रामीणों और जनजातीय समुदाय को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और जरूरतमंदों को कंप्यूटर, टैबलेट, प्रिंटर, सोलर लैम्प, स्कूल बैग और विभिन्न किट वितरित की गईं।
दिव्यांगजनों को भी इस शिविर में विशेष रूप से लाभान्वित किया गया। उन्हें व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर और कान की मशीनें उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग और ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की ओर से लगाए गए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और मुफ्त दवाइयां भी दी गईं।
इस मेगा शिविर से एक हज़ार से अधिक लोग सीधे तौर पर लाभान्वित हुए।
