देवप्रयाग/कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। गांव की गलियों में रविवार को उम्मीद और उजियारे की किरणें बिखर गई,जब जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल एवं जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग अध्यक्ष ने द हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल सतपुली के सहयोग से पंयाखोली स्थित भारती शिक्षा निकेतन जूनियर हाई स्कूल में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया। इस शिविर में 110 से अधिक मरीजों की आंखों की जांच की गई,जिनमें से 65 को निःशुल्क चश्मे,50 को दवाइयां और 22 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया। सुबह से ही दूर-दराज गांवों से लोग आंखों की जांच के लिए विद्यालय प्रांगण में उमड़ पड़े। महिलाओं,बुजुर्गों और युवाओं ने कतारबद्ध होकर चिकित्सकों से परामर्श लिया। चिकित्सकों की टीम ने धैर्यपूर्वक हर मरीज की जांच की और उचित परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। शिविर में आंखों की जांच के बाद 65 मरीजों को तुरंत चश्मे उपलब्ध कराए गए। वहीं 50 से अधिक मरीजों को आवश्यक दवाइयां दी गईं, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। जांच के दौरान 22 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए,जिन्हें 23 अगस्त 2025 को सतपुली हॉस्पिटल में निःशुल्क ऑपरेशन कर दृष्टि पुनः प्रदान की जाएगी। यह घोषणा सुनते ही मरीजों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। उत्तम सिंह असवाल ने कहा पिछले 10 वर्षों से मैं लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करता आ रहा हूँ। जनता से किए गए वादे पर आज से फिर जनसेवा की नई शुरुआत हो चुकी है। आने वाले समय में भी विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं अन्य सामाजिक शिविरों का आयोजन जारी रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनका कर्तव्य ही नहीं बल्कि एक संकल्प और धर्म है। इस शिविर में न केवल ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही बल्कि जनप्रतिनिधि भी एक साथ जुड़े। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रघुवीर सिंह भंडारी,कपिल बर्तवाल,बृजमोहन गोदियाल,रामलाल नौटियाल,मोर सिंह पुंडीर,रजनीश भंडारी,धीरज बर्तवाल,चिकित्सक डॉ.भूपेंद्र सिंह,संतोष,रविंद्र नेगी आदि उपस्थित रहे। यह शिविर सिर्फ चिकित्सा नहीं,बल्कि मानवता और सेवा का सजीव उदाहरण साबित हुआ। जब किसी गांव में आंखों की रोशनी लौटती है,तो केवल मरीज ही नहीं बल्कि पूरा समाज उजाले से भर जाता है।
नेत्रों में नई रोशनी,गांव में जनसेवा का उजियारा उत्तम सिंह असवाल की पहल पर पंयाखोली में भव्य निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर,110 से अधिक ग्रामीणों को मिला लाभ
