आपदा में फरिश्ता बना चुठाणी का लाल योगेश सिंह सोनू

पौड़ी गढ़वाल। कुदरत के कहर से टूटी उम्मीदों के बीच एक युवा दिलों में नई रोशनी जगा रहा है। विकास खंड खिर्सू के ग्राम चुठाणी निवासी योगेश सिंह सोनू पुत्र कुंदन सिंह इन दिनों आपदा प्रभावित परिवारों के लिए मदद का पर्याय बन गए हैं। हाल ही में सैंजी-बुरासी,फलदवाणी,पज्याणा सहित आसपास के कई गांवों में बादल फटने और भीषण बारिश ने तबाही मचा दी। घर,खेत और खलिहान उजड़ गए,कई परिवारों के जीवन भर की पूंजी पानी में बह गई। इस त्रासदी को अपनी आंखों से देखने के बाद, देवभूमि यूनिवर्सिटी देहरादून में बीसीए पांचवें सेमेस्टर का छात्र योगेश अपने गांव लौटे और ठान लिया कि कुछ करना ही होगा। दिल की पीड़ा जब शब्द बनी तो योगेश ने अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से देश-विदेश के लोगों से छोटी-छोटी मदद की अपील की। उनकी सच्ची भावनाएं लोगों के दिलों में उतर गईं और चुठाणी सहित आसपास के क्षेत्रों,दोस्तों और शुभचिंतकों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। आज तक करीब 1 लाख रुपये की राशि एकत्रित हो चुकी है,जिसे योगेश कल सीधे आपदा प्रभावित परिवारों में वितरित करेंगे। योगेश भावुक होकर कहते हैं मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं उन सभी दानदाताओं और शुभचिंतकों का,जिन्होंने आपदा पीड़ितों को अपना मानकर इस पुनीत कार्य में योगदान दिया। यह विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। योगेश के इस नेक कार्य से उनका परिवार और पूरा गांव गर्व महसूस कर रहा है। उनके चाचा गुलाब सिंह प्रधानाध्यापक राजकीय प्राथमिक विद्यालय ईजर और चाची हेमा नेगी भूतपूर्व ग्राम प्रधान एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं कनिष्ठ उप प्रमुख खिर्सू ने कहा योगेश की इस पहल ने हमारे गांव का मान बढ़ा दिया है। हम अपने भतीजे पर गर्व करते हैं और उन सभी दानदाताओं का दिल से धन्यवाद करते हैं जिन्होंने उस पर भरोसा जताया। जब प्राकृतिक आपदाएं लोगों के जीवन की बुनियाद हिला देती हैं,तब योगेश जैसे युवा न सिर्फ आर्थिक सहयोग पहुंचा रहे हैं बल्कि सहानुभूति और संवेदनशीलता की मिसाल भी कायम कर रहे हैं। चुठाणी का यह बेटा साबित कर रहा है कि एक छोटी पहल भी कई टूटे हुए सपनों को फिर से संवार सकती है।