श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल अंचल में एक बार फिर विश्वासघात और ठगी का मामला सामने आया है। जमीन और दुकान बेचने का लालच देकर एक व्यक्ति से 15 लाख रुपए हड़प लिए गए। शिकायत पर श्रीनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। घटना के अनुसार 22 मार्च 2025 को वादी जगदीश बमराड़ा निवासी बालावाला,देहरादून ने कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। वादी ने बताया कि आरोपी दीपक बमराड़ा ने अपनी जमीन और दुकान बेचने का झांसा देकर उनसे 15 लाख रुपए ले लिए। लेकिन न तो जमीन और दुकान की रजिस्ट्री की,और न ही रुपए लौटाए। जब वादी ने पैसे वापस मांगने की कोशिश की,तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में सीधी धमकी देने लगा कि वह रुपए वापस नहीं करेगा। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली श्रीनगर में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस पूरे प्रकरण की विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन,गवाहों के बयान दर्ज करने तथा अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस ने नियमानुसार आरोपी दीपक बमराड़ा को नोटिस तामील कर दिया है तथा उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई गई है। जन चेतावनी-पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीद-फरोख्त करते समय संपूर्ण कागजात और वैधानिक प्रक्रियाओं की अच्छी तरह जांच करें। किसी भी प्रलोभन में आकर बिना दस्तावेज सत्यापन के लेन-देन करना भारी नुकसानदेह साबित हो सकता है।
जमीन/दुकान बेचने के नाम पर 15 लाख की ठगी,आरोपी पर पुलिस ने की वैधानिक कार्यवाही
