पिथौरागढ़ नगर निगम क्षेत्र में 5 नए ई-रिक्शा सेवा शुरू, 3 पिंक रिक्शा महिलाओं के लिए विशेष

पिथौरागढ़। नगर निगम क्षेत्र में आज 5 नए ई-रिक्शा सेवा की शुरुआत की गई। इस दौरान सभी पार्षदगणों की मौजूदगी में विधिवत पूजन कर हरी झंडी दिखाकर इन्हें आमजन की सेवा हेतु रवाना किया गया।
इनमें से 3 पिंक ई-रिक्शा विशेष रूप से महिलाओं के लिए संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय वयोवृद्ध माताओं और बुजुर्गों के अनुरोध पर यह पहल की गई है, जिससे जरुरतमंद महिलाओं को अस्पताल, बैंक एवं आवश्यक कार्यों हेतु आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।

पिंक ई-रिक्शा का संचालन स्थानीय महिलाओं के समूह द्वारा किया जा रहा है। इससे उन्हें स्थायी रोजगार के साथ-साथ आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।
नगर निगम का यह नया प्रयोग पहाड़ी नगरों में सार्वजनिक परिवहन के लिए एक सफल नवाचार माना जा रहा है, जो पर्यावरण हितैषी होने के साथ-साथ किफायती भी है।