स्वस्थ नारी,सशक्त परिवार पखवाड़ा सम्पन्न-13 लाख से अधिक लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ–डॉ.धन सिंह रावत

श्रीनगर गढ़वाल। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुआ स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार पखवाड़ा गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित कर सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीनगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदेशभर में 16 दिनों तक चला व्यापक अभियान,डॉ.रावत ने बताया कि पखवाड़े के दौरान पूरे प्रदेश में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों से 13 लाख से अधिक लोगों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार का लाभ लिया। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुँचाने में ऐतिहासिक साबित हुई है। जनता ही नहीं बल्कि विपक्षी दलों के विधायकों ने भी इस अभियान की सराहना की। उन्होंने घोषणा की कि अब ऐसे स्वास्थ्य शिविर राज्य स्थापना दिवस (नवंबर) पर भी आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच की जाएगी और जगह-जगह विशेष शिविर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश की चिकित्सा सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए जल्द ही 250 नए डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी,जिन्हें सीएचसी और पीएचसी स्तर तक तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही 480 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति मेडिकल कॉलेजों में की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में जल्द ही तीन नए ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने बताया कि कॉलेज के डॉक्टरों ने रुद्रप्रयाग,चमोली,पौड़ी,टिहरी सहित विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य शिविर लगाए,जिनसे 3589 लोगों को लाभ मिला। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे शिविर नियमित रूप से जारी रहेंगे। इस अवसर पर उन्होंने कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के डॉ.सुरेंद्र सिंह नेगी और पूरी चिकित्सक टीम की सराहना की। पौड़ी जिले के सीएमओ डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी दी कि जिले में 2795 स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए गए,जिनमें 65 हजार से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। इन शिविरों में हाइपरटेंशन,ब्लड शुगर,ब्रेस्ट कैंसर,ओरल कैंसर सहित गंभीर बीमारियों की जांच की गई। इसके अलावा जिले में 495 निक्षय मित्र बनाए गए और 6976 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। उन्होंने कहा कि पखवाड़े का समापन भले हो गया हो,लेकिन जनता की मांग पर ऐसे शिविर आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। समापन अवसर पर आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में रक्तदाताओं को स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल के नेतृत्व में हुए इस कैंप में 10 लोगों ने रक्तदान किया,जिनमें विनय घिल्डियाल,डॉ.सुधीर जोशी,पार्षद पंकज सती,अतुल सहित अन्य लोग शामिल रहे। इस दौरान 206 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भंडारी,नगर अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,जिला मीडिया प्रभारी,चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत,संयुक्त अस्पताल के सीएमएस डॉ.विमल गुंसाई,व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल,ऋतांशु कंडारी,यशीश रावत,नगर पार्षद सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी अनिल उनियाल ने किया।