राज्य
दो सूत्रीय मांगों को लेकरआंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन 14 दिन भी रहा जारीरुद्रपुर(खबर पड़ताल)उधम सिंह नगर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चल रहा आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। विकास भवन परिसर में अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर बीते 14 दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहीं महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि वे वर्षों से बच्चों के पोषण, मातृ स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, बावजूद इसके उन्हें अभी तक सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्राप्त नहीं हुआ है!कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की अधिकांश योजनाएं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से ही संचालित होती हैं, लेकिन उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों के अनुरूप न तो सम्मान मिलता है और न ही मानदेय। महिलाओं ने मांग रखी है कि उन्हें सरकारी कर्मचारियों के समान वेतनमान और सुविधाएं प्रदान की जाएं, ताकि वे आर्थिक रूप से सुरक्षित रहकर अपनी सेवाएं और बेहतर ढंग से दे सकें।प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विभिन्न स्तरों पर महिलाओं के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं, ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं और वर्षों से लंबित मांगों पर भी सरकार को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।उन्होंने बताया कि अपनी दो सूत्रीय मांगों से संबंधित मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।विकास भवन परिसर में जारी यह प्रदर्शन जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रोजाना धरना स्थल पर पहुंचकर एकजुटता का परिचय दे रही हैं।

