चारधाम यात्रा से पहले सख्त तैयारी-खाद्य सुरक्षा पर प्रशासन का शिकंजा,लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित,व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए भरोसेमंद बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा यात्रा मार्गों पर संचालित होटल,रेस्टोरेंट,ढाबा एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से जुड़े व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर स्पष्ट संदेश दिया गया कि खाद्य मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी.जोशी ने दो टूक कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु प्रदेश में आते हैं,ऐसे में उन्हें सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन और व्यापारियों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता,गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खाद्य प्रतिष्ठान में एफएसएसएआई का लाइसेंस/पंजीकरण प्रमाणपत्र तथा टोल फ्री नंबर प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा,ताकि उपभोक्ता जागरूक रहें और आवश्यकता पड़ने पर शिकायत दर्ज कर सकें। इसके साथ ही स्टोर रूम,किचन और फूड प्रोसेसिंग एरिया में साफ-सफाई,पेस्ट कंट्रोल,उचित कूलिंग एवं फ्रीजिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए,जिससे खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण तय मानकों के अनुरूप हो सके। खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड द्वारा विशेष निरीक्षण टीमें गठित की गई हैं,जो यात्रा मार्गों पर आकस्मिक निरीक्षण और सैंपलिंग करेंगी। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी,जिससे किसी भी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता में कमी को तुरंत पकड़ा जा सके। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि विभाग अब तकनीकी माध्यमों का भी सहारा ले रहा है। खाद्य व्यवसायियों को ऑनलाइन पोर्टल के जरिए नोटिस जारी किए जाएंगे और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन ही जवाब देना होगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा,सहित स्थानीय व्यापारियों में अनिल कुमार अग्रवाल,राकेश आहुजा,छवि अग्रवाल,सतबीर बिष्ट,रिंकू जैन,देवेन्द्र मणी मिश्रा,पंकज जैन,अब्दुल वाजिद आदि ने भी बैठक में भाग लेते हुए प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत के साथ कोई समझौता नहीं होगा। यह पहल न केवल यात्रा को सुरक्षित बनाएगी,बल्कि उत्तराखंड की छवि को एक जिम्मेदार और सतर्क तीर्थ राज्य के रूप में भी मजबूत करेगी।
