आरक्षण और समानता पर श्रीनगर में 19 अप्रैल को होगी अहम गोष्ठी,राष्ट्रीय स्तर के वक्ता करेंगे संबोधन

श्रीनगर गढ़वाल। सामाजिक समरसता,आरक्षण व्यवस्था और समान अवसर जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा के लिए श्रीनगर गढ़वाल में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 19 अप्रैल 2026 को बद्रीनाथ मार्ग स्थित अदिति वेडिंग पॉइंट में प्रात-10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगा,जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों की भागीदारी अपेक्षित है। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य वर्तमान आरक्षण नीतियों,पदोन्नति में आरक्षण तथा यूजीसी इक्वलिटी रेगुलेशन-2026 जैसे विषयों पर व्यापक संवाद स्थापित करना है। आयोजकों के अनुसार इन नीतियों के प्रभावों को लेकर समाज के एक वर्ग में असंतोष और चिंता का माहौल बना हुआ है,जिस पर खुलकर चर्चा की आवश्यकता महसूस की जा रही है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय समानता मंच (AIEF) के राष्ट्रीय महासचिव इं.वी.पी.नौटियाल उपस्थित रहेंगे। नौटियाल पूर्व में उत्तराखंड में पदोन्नति में आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं,जिसके चलते वर्ष 2012 के बाद राज्य में इस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिला था। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि यह गोष्ठी किसी टकराव की भावना से नहीं,बल्कि संवाद और समाधान के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है,ताकि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समझ और संतुलन स्थापित हो सके। अखिल भारतीय समानता मंच उत्तराखंड के प्रांतीय अध्यक्ष वी.के.धस्माना और प्रांतीय महासचिव जे.पी.कुकरेती ने अधिक से अधिक लोगों से इस गोष्ठी में सहभागिता करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही स्वस्थ और सार्थक चर्चा संभव है। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल है और उम्मीद की जा रही है कि यह गोष्ठी सामाजिक विमर्श को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
