उफल्डा के आरसी मेमोरियल स्कूल में बेटियों का जलवा-खेल प्रतिभाओं का सम्मान,पहाड़ से उठ रही नई उड़ान

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आरसी मेमोरियल पब्लिक स्कूल उफल्डा श्रीनगर में आयोजित सम्मान समारोह में पहाड़ की बेटियों की प्रतिभा का अद्भुत उत्सव देखने को मिला। माध्यमिक वर्ग बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित करते हुए पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाद्य पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार कैंतुरा ने छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पर्वतीय वादियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है,जरूरत केवल उसे सही मंच और मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने कहा कि देवेन्द्र गौड़ पिछले तीन दशकों से जिस समर्पण के साथ बालिका एवं महिला क्रिकेट को नई दिशा दे रहे हैं,वही आज बेटियों की सफलता का मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परचम लहरा रही हैं और खेल उनके व्यक्तित्व को निखारने का सबसे सशक्त माध्यम है। अनुशासन,मेहनत और निरंतर प्रयास के बल पर पहाड़ की बेटियां देश ही नहीं,बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान स्थापित कर सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालयों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और नैतिक मूल्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए,जिससे एक सशक्त,आत्मनिर्भर और जागरूक समाज का निर्माण हो सके। हार-जीत से ऊपर उठकर लगातार प्रयास करना ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि अब पहाड़ की बेटियां केवल घर-आंगन तक सीमित नहीं रहीं,बल्कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। खेलों के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास,अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास हो रहा है,जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुमलता बिष्ट ने कहा कि आरसी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को विशेष महत्व दिया जाता है। यही कारण है कि यहां के छात्र-छात्राएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। माध्यमिक वर्ग बालिका एवं महिला क्रिकेट के संस्थापक देवेन्द्र गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल सकारात्मक सोच,टीम भावना और संघर्ष की शक्ति सिखाते हैं,जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाग करने वाली सभी छात्राओं को खेल प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अरविंद सिंह नेगी,अनसूया बडोनी,सुषमा बिष्ट,नवल किशोर रोहित,भीम सिंह,अर्चना रावत,संगीता रावत,गीता,विनीता,अंजू बिष्ट,रजनी और मेघा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य और अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह ने यह स्पष्ट कर दिया कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो पहाड़ की बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं। उफल्डा का यह विद्यालय आज क्षेत्र में प्रतिभाओं को तराशने का एक मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है।
