पैठाणी में चोरी की वारदातों का पर्दाफाश-नशे की लत ने बनाया किशोरों को अपराधी,पुलिस की मुस्तैदी से खुला पूरा राज

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी के पैठाणी क्षेत्र में एक के बाद एक हो रही चोरी की घटनाओं का आखिरकार पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। लगातार बढ़ रही इन वारदातों से जहां क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था,वहीं पौड़ी पुलिस की सतर्कता,तकनीकी दक्षता और निरंतर प्रयासों ने इस पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने इस प्रकरण में संलिप्त दो किशोरों को पकड़ते हुए चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है। प्रकरण की शुरुआत दिनांक 24 अप्रैल 2026 को हुई,जब सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चाकीसैण के प्रधानाचार्य विश्वम्भर दत्त नौटियाल ने थाना पैठाणी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल की आलमारियों के ताले तोड़कर 16,500 रुपए की नकदी,कंप्यूटर का सीपीयू तथा अग्निशमन यंत्र चोरी कर लिया। यह घटना अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि 27 अप्रैल को एक और शिकायत सामने आई। ग्राम चाकीसैण निवासी प्रभाकर गौड़ ने बताया कि 25 अप्रैल की रात उनकी स्कूटी (होंडा एक्टिवा UK12G7682) ग्राम मैली में सड़क किनारे से चोरी हो गई। लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष पैठाणी सुनील रावत के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया,जिसने बिना समय गंवाए जांच शुरू कर दी। टीम ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया,संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की,आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की इसी सतत मेहनत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार सफलता हाथ लगी। चेकिंग के दौरान गोदा गांव,बुंखाल मंदिर रोड के पास से दो किशोरों को संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने न केवल स्कूल और स्कूटी चोरी की घटना कबूल की,बल्कि एक और चौंकाने वाला खुलासा भी किया। किशोरों ने बताया कि 22 अप्रैल को उन्होंने ग्राम मैली में एक बंद पड़े घर का ताला तोड़कर वहां से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की थी। हैरानी की बात यह रही कि चोरी के दौरान उन्होंने उसी घर में खाना बनाया,आराम से भोजन किया और वहां रखी शराब पी। इतना ही नहीं,कुछ शराब की बोतलें अपने साथ भी ले गए। इस घटना की शिकायत अभी तक थाने में दर्ज नहीं हुई थी,लेकिन पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी,कंप्यूटर सीपीयू,अग्निशमन यंत्र और सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों किशोर नशे के आदी हैं और गांजा व शराब की लत को पूरा करने के लिए ही चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे थे। वे चोरी के इरादे से ही क्षेत्र में घूम रहे थे। दोनों किशोर पैठाणी क्षेत्र के ही निवासी हैं,लेकिन वर्तमान में देहरादून में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है,साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पौड़ी पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल चोरी की घटनाओं पर विराम लगाया है,बल्कि यह भी संदेश दिया है कि अपराध चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो,कानून के हाथों से बच पाना संभव नहीं है। साथ ही यह घटना समाज के सामने एक गंभीर प्रश्न भी खड़ा करती है कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति किस तरह युवाओं और किशोरों को अपराध की राह पर धकेल रही है।
