पौड़ी में स्तन कैंसर के खिलाफ जंग का आगाज-स्क्रीनिंग अभियान से महिलाओं को मिला जागरूकता और जांच का संबल

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग ने स्तन कैंसर के खिलाफ एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। जिला चिकित्सालय पौड़ी में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल की उपस्थिति में स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में बढ़ते स्तन कैंसर के मामलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय रहते इसकी पहचान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.निहारिका ने उपस्थित महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्तन में गांठ,बगल में सूजन या गांठ,लगातार दर्द,निप्पल से रक्तस्राव,त्वचा में लालिमा या स्तन के आकार एवं बनावट में परिवर्तन जैसे लक्षण स्तन कैंसर के संकेत हो सकते हैं। ऐसे किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना अत्यंत आवश्यक है। डॉ.निहारिका ने यह भी स्पष्ट किया कि असंतुलित जीवनशैली,मोटापा और हार्मोनल असंतुलन स्तन कैंसर के जोखिम को बढ़ाते हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से अपनी जांच कराएं, विशेषकर माहवारी के एक सप्ताह या दस दिन बाद स्वयं परीक्षण करें। साथ ही उन्होंने कहा कि रजोनिवृत्ति (मेनोपॉज) के बाद भी महिलाओं में स्तन कैंसर का खतरा बना रहता है,इसलिए इस उम्र में विशेष सतर्कता आवश्यक है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्क्रीनिंग अभियान अब नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। जिला चिकित्सालय पौड़ी और उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को स्तन कैंसर की जांच सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि उषा किशन फाउंडेशन,देहरादून द्वारा उपलब्ध कराए गए आधुनिक आई-ब्रेस्ट डिवाइस के माध्यम से महिलाओं की जांच सरल,सुरक्षित और सटीक तरीके से की जा रही है,जिससे शुरुआती अवस्था में ही संभावित खतरे की पहचान संभव हो सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान के पहले दिन जिला चिकित्सालय पौड़ी में 16 और उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में 11 महिलाओं की सफलतापूर्वक स्क्रीनिंग की गई,जो इस पहल के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है। प्रमुख अधीक्षक डॉ.एल.डी.सेमवाल ने बताया कि ओएनजीसी द्वारा जिला चिकित्सालय पौड़ी को लगभग 25 लाख रुपये के आधुनिक स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं,जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा आमजन को बेहतर उपचार एवं जांच सुविधाएं मिल सकेंगी। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम राजीव रावत,जिला डाटा मैनेजर मनीष भट्ट,नर्सिंग अधिकारी रूपा,एनटीसीपी काउंसलर दुर्गा नेगी,शकुंतला नेगी,उषा देवी,पूजा,रेखा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जागरूकता,नियमित जांच और समय पर उपचार ही स्तन कैंसर के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार हैं। स्वास्थ्य विभाग की यह पहल न केवल महिलाओं को सुरक्षित भविष्य की ओर ले जाने का प्रयास है,बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच को भी मजबूत कर रही है।
