अब विकास की रफ्तार से जुड़ेगा संगलाकोटी-73 लाख की लागत से मोटर मार्ग के द्वितीय चरण का शिलान्यास

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं,बल्कि विकास,शिक्षा,स्वास्थ्य और आर्थिक समृद्धि की जीवनरेखा मानी जाती है। वर्षों से बेहतर सड़क सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे संगलाकोटी क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सोमवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया,जब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने तिलखोली मोटर मार्ग के संगलाकोटी बैंड से संगलाकोटी गांव तक द्वितीय चरण निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। करीब 73 लाख 16 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य से क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को नई मजबूती मिलने के साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल दिखाई दिया और ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित इस कार्य के शुरू होने पर खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि संगलाकोटी गांव की जनता द्वारा वर्षों पूर्व रखी गई मांग को सरकार ने प्राथमिकता के साथ स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पूर्व इस मोटर मार्ग के प्रथम चरण को मंजूरी दी गई थी,जिसके बाद निर्धारित समय में उसका निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया। अब तीसरे वर्ष में द्वितीय चरण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है,जिससे सड़क को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस चरण के अंतर्गत जल निकासी नालियों,सुरक्षा दीवारों,पुस्तों एवं अन्य सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों को पूरा किया जाएगा,ताकि बरसात और आपदा के समय सड़क को नुकसान न पहुंचे और यातायात बाधित न हो। महाराज ने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सतपुली-रीठाखाल-संगलाकोटी-पोखड़ा मोटर मार्ग की स्थिति में भी व्यापक सुधार किया गया है,जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि संगलाकोटी-भेड़गांव-बड़ेत एवं कोलाबिजोरा पानी क्षेत्र में लंबे समय से सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याएं थीं,जिनका समाधान कर रिंग मार्ग निर्माण का कार्य कराया गया। इसके अतिरिक्त संगलाकोटी बाजार से कमलपुर इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग निर्माण कार्य भी पूरा किया गया है,जिससे छात्रों एवं स्थानीय लोगों को राहत मिली है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान संगलाकोटी बाजार को भारी नुकसान पहुंचा था,जिसके बाद सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाली निर्माण,सड़क पर टाइल्स लगाने तथा मलबा हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़क बनाना नहीं,बल्कि उसे सुरक्षित और टिकाऊ बनाना भी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि विकासखंड ऐकेश्वर सहित चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक सड़क,पेयजल,शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह,क्षेत्र पंचायत सदस्य सुभाष जोशी,राकेश नैथाण,हरीश पोखरियाल,पार्वती देवी,सुनील रावत,सुयश रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह दिखाई दिया और लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क एवं आधारभूत विकास कार्यों के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया।
