स्वस्थ रुद्रपुर के संकल्प के साथ मनाया योग दिवस

- नगर निगम और आशीर्वाद जिम के संयुक्त तत्वावधान में हुआ विशेष योग सत्र
- महापौर ने विपिन अग्रवाल और रीना को बनाया नगर निगम का ब्रांड एंबेसडर
- बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास
रुद्रपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर निगम रुद्रपुर एवं आशीर्वाद जिम (फिटनेस वर्कआउट) के संयुक्त तत्वावधान में फिटनेस वर्कआउट स्पोर्टिंग परिसर में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहरवासियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग सत्र में योग प्रशिक्षक विपिन अग्रवाल एवं रीना ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित रखने के उपाय बताए।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने शहर में फिटनेस और योग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए योग प्रशिक्षक विपिन अग्रवाल एवं रीना को नगर निगम रुद्रपुर का ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। उन्होंने कहा कि दोनों प्रशिक्षकों के सहयोग से फिट इंडिया अभियान के तहत शहर में योग और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि रुद्रपुर को स्वस्थ और फिट शहर बनाने का संकल्प साकार हो सके।
महापौर विकास शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अनमोल देन है। यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली जीवन पद्धति है। योग व्यक्ति को शारीरिक मजबूती देने के साथ मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अनियमित दिनचर्या और बदलती जीवनशैली कई बीमारियों का कारण बन रही है। ऐसे समय में योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो वह स्वयं स्वस्थ रहेगा और उसका परिवार एवं समाज भी स्वस्थ बनेगा।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज भारत की योग परंपरा को पूरी दुनिया में नई पहचान मिली है। विश्व के अनेक देश योग को अपना रहे हैं और भारत की इस अमूल्य विरासत से लाभ उठा रहे हैं। प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान का उद्देश्य भी यही है कि हर नागरिक स्वस्थ जीवनशैली अपनाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा कम खाद्य तेल के उपयोग और बेहतर जीवनशैली अपनाने का जो संदेश दिया गया है, उसे भी हमें अपने जीवन में शामिल करना चाहिए।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ शहर और मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं। नगर निगम का प्रयास रहेगा कि आने वाले समय में योग, फिटनेस और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएं।
योग प्रशिक्षक विपिन अग्रवाल ने कहा कि योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों का उत्साह सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं बल्कि जीवनभर अपनाने वाली आदत है। सभी लोगों को नियमित योगाभ्यास करना चाहिए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त श्रीमती शिप्रा जोशी पांडे, एसएनए रणदीप सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीयूष रंजन, करन अरोरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, भाजपा नेता राजन राठौर, पार्षद पवन राणा, सुशील चौहान, चिराग कालरा, परवेज खान, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, रेनू जुनेजा, ममता जीना, शैलेंद्र चौहान, चेतन धीर, कोनिका धीर, सोनू कालरा, रेनू कालरा, पार्षद संतोष गुप्ता, दर्शन कोली सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
