अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भारतीय योग संस्थान, रुद्रपुर जिला द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन

रुद्रपुर, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय योग संस्थान, रुद्रपुर जिला द्वारा दिव्य शक्ति मंदिर, एलायंस कॉलोनी के दिव्य प्रांगण में भव्य योग कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रुद्रपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित विभिन्न योग केंद्रों से बड़ी संख्या में योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ। डॉ. श्रीमती कमला सिंह द्वारा सरस्वती वंदना की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन जिला प्रधान श्री रमेश चंद्र गंगवार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर योग विशेषज्ञों ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित सामान्य योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों को योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त करने का मार्ग भी बताया गया।
योगासनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन चौधरी महावीर सिंह (जिला मंत्री, भारतीय योग संस्थान), श्रीमती ललिता रावत, श्री सुरेश अग्रवाल (केंद्र प्रमुख, एलायंस), श्रीमती नीलम अग्रवाल, डॉक्टर रेखा यादव तथा ध्यान सत्र का संचालन श्रीमती मंजुल गंगवार द्वारा किया गया। प्राणायाम का अभ्यास भारतीय योग संस्थान के क्षेत्रीय प्रधान श्री बी.एस. त्रिपाठी द्वारा अत्यंत प्रभावशाली ढंग से कराया गया।
“स्वस्थ वृद्धावस्था” विषय पर अपने प्रेरणादायी व्याख्यान में चौधरी महावीर सिंह ने योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन जीने की कला को सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में प्रार्थना एवं शांति पाठ डॉ. श्रीमती कमला सिंह द्वारा संपन्न कराया गया।
इसी क्रम में आवास विकास रुद्रपुर, पटेल पार्क, आवास विकास, किच्छा में भारतीय योग संस्थान, उत्तराखंड के मंत्री श्री मोहनलाल बिरवानी के नेतृत्व में भी भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके साथ-साथ भारतीय योग संस्थान के अधिकारियों ने पन्तनगर एयरपोर्ट, इमामी ,नील मैटल, एवं मैटल मैन इंडस्ट्रीज सिडकुल पन्तनगर के द्वारा आयोजित अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट योग साधना कराकर स्वस्थ भारत के संकल्प में अमूल्य योगदान प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर जिला प्रधान श्री रमेश चंद्र गंगवार एवं क्षेत्रीय प्रधान श्री बी.एस. त्रिपाठी,विपिन कुमार शर्मा एवं किच्छा से क्षेत्रीय प्रधान भूपाल सिंह नेगी ने सभी योग साधकों, प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।
