नशा मुक्त समाज और बेहतर स्वास्थ्य का संकल्प-पाबों में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त कर स्वस्थ एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से स्व.राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा शुक्रवार को पाबों बाजार में नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य जागरूकता विषयक एक प्रेरणादायक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय रावत ने कहा कि आज के समय में नशा युवाओं के भविष्य और समाज की प्रगति के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। यदि समय रहते इसके प्रति जनजागरण नहीं किया गया,तो इसके दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भी भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं,बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने बताया कि स्व.राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट पिछले लंबे समय से थलीसैंण क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा अब तक 12 से अधिक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है,जिनके माध्यम से हजारों ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं,स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यक परामर्श का लाभ मिला है। विजय रावत ने जानकारी दी कि ट्रस्ट का 13 वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आगामी 28 जून को थलीसैंण में आयोजित किया जाएगा,जिसमें विभिन्न रोगों की जांच,विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की। गोष्ठी में ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान,नशामुक्ति कार्यक्रम तथा चिकित्सा सेवाओं को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे,ताकि समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ,जागरूक और सुरक्षित जीवन जी सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने,दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा ट्रस्ट के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी अभियानों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संदीप रावत,महेश कपरवाण,प्रदीप सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
