गांव-गांव पहुंच रही बेहतर स्वास्थ्य सेवा-उत्तरा केयर हॉस्पिटल का निःशुल्क जांच अभियान बना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में उत्तरा केयर हॉस्पिटल (आईएसएसए फाउंडेशन की एक इकाई) ने एक सराहनीय पहल करते हुए अब निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आपके दरवाज़े पर अभियान को गति दी है। इसी क्रम में विकासखंड पौड़ी के ग्राम असनोली में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हुआ। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श लिया तथा विभिन्न जांचों का लाभ उठाया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का रक्तचाप (बीपी),रक्त शर्करा (आरबीएस),ऑक्सीजन स्तर (एसपीओ-2),नाड़ी,वजन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए। जांच के बाद प्रत्येक मरीज को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। कुल 24 ग्रामीणों ने इस शिविर का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया। विशेषज्ञों ने संतुलित आहार,नियमित व्यायाम,स्वच्छता,मौसमी बीमारियों से बचाव और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भविष्य में गंभीर बीमारी का कारण बन सकती है,इसलिए नियमित जांच और चिकित्सकीय सलाह बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर डॉ.विवेक रमोला ने कहा कि अधिकांश गंभीर बीमारियां शुरुआती चरण में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं देतीं। यदि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तो ऐसी बीमारियों की पहचान प्रारंभिक अवस्था में ही संभव हो जाती है,जिससे उनका उपचार सरल, प्रभावी और कम खर्चीला होता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की शारीरिक समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। उत्तरा केयर हॉस्पिटल के निदेशक आई.एस.नेगी एवं मेडिकल सुपरिटेंडेंट जे.पी.चमोली ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल अस्पताल तक सीमित रहकर उपचार देना नहीं,बल्कि उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है जो भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि आईएसएसए फाउंडेशन के सहयोग से अस्पताल भविष्य में भी गांव-गांव जाकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करता रहेगा,ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंच सकें। शिविर के सफल संचालन में डॉ.विवेक रमोला,कैंप कोऑर्डिनेटर अमन कुमार,नर्स शैलबाला,फार्मासिस्ट गौरव तथा सपोर्ट स्टाफ अरविंद और दीपक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरी टीम ने पंजीकरण,स्वास्थ्य परीक्षण,चिकित्सकीय परामर्श,दवा वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं का सुव्यवस्थित संचालन कर शिविर को सफल बनाया। शिविर के समापन पर ग्राम असनोली के ग्रामीणों ने उत्तरा केयर हॉस्पिटल एवं आईएसएसए फाउंडेशन के इस जनहितकारी प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर न केवल लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं,बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण समाज के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी पहल बताया।
