राष्ट्रीय खेल दिवस पर गढ़वाल विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं का जलवा-विजेताओं को ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में आयोजित सप्ताहव्यापी खेल समारोह का रविवार को इंडोर बैडमिंटन हॉल में भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। समापन अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना,अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान श्रीनगर के कुलसचिव डॉ.एच.एम.आजाद तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गढ़वाल विश्वविद्यालय के भूतपूर्व अधिशासी अभियंता विजयानंद बहुगुणा उपस्थित रहे। बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरिभजन सिंह चौहान एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओ.पी.गुसाईं ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि डॉ.एच.एम.आजाद ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं,बल्कि व्यक्तित्व निर्माण,अनुशासन,नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से नियमित रूप से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा फिट इंडिया के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि विजयानंद बहुगुणा ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समापन दिवस पर आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। स्टाफ युगल मुकाबले में एनआईटी श्रीनगर के डॉ.कुलदीप सिंह एवं पंकज की जोड़ी ने शिक्षा विभाग के सुमित एवं प्रवीण को 17-15, 15-10 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। विद्यालय संयुक्त टीम मुकाबले में गुरु राम राय विद्यालय ने सेंट थेरेसा कॉन्वेंट को 2-1 से हराया। अंतर-संस्थान महिला वर्ग में गढ़वाल विश्वविद्यालय ने एनआईटी को 2-0 से पराजित किया। वहीं अंतर-संस्थान पुरुष वर्ग में कुलपति एकादश गढ़वाल विश्वविद्यालय ने कुलसचिव एकादश को 2-0 से शिकस्त देकर मुकाबला अपने नाम किया। पिट्टू अंतर-विद्यालय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबले में रेनबो पब्लिक स्कूल ने गुरु राम राय पब्लिक स्कूल को 101-90 अंकों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। शतरंज में विशाल सिंह और अलीशा ने मारी बाजी शतरंज ओपन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक क्षमता और धैर्य का शानदार परिचय दिया। पुरुष वर्ग में विशाल सिंह ने प्रथम,अभिषेक भर्ती ने द्वितीय तथा हर्षित सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में अलीशा ने प्रथम स्थान हासिल किया,जबकि एनआईटी की ऋत्विका द्वितीय तथा दिव्या भारती तृतीय स्थान पर रहीं। फुटबॉल में कुलसचिव एकादश की शानदार जीत
फुटबॉल स्टाफ प्रदर्शनी मैच भी आकर्षण का केंद्र रहा। रोमांचक मुकाबले में कुलसचिव एकादश ने कुलपति एकादश को 3-1 से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया। खिलाड़ियों ने पूरे मैच के दौरान शानदार तालमेल और खेल भावना का प्रदर्शन किया। रस्साकसी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग ने आर्यभट्ट छात्रावास को पराजित किया। महिला वर्ग में भी शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अलकनंदा छात्रावास को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। समापन अवसर पर सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते हुए खिलाड़ियों के चेहरे पर उत्साह और गर्व साफ नजर आया। कार्यक्रम का संचालन संदीप रावत ने किया,जबकि राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के समन्वयक मोहित सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों,प्रतिभागियों,निर्णायकों,आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सप्ताहभर चले इस खेल आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर में खेलों के प्रति उत्साह का वातावरण तैयार किया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों,शिक्षकों एवं कर्मचारियों को खेलों से जुड़ने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय खेल बोर्ड एवं शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग,बिड़ला परिसर के सहयोग से किया गया।
