सितारगंज में पूर्व सीएम हरीश रावत की हुंकार, बदलाव का दिया सन्देश

 

सितारगंज के पाल कॉलेज में पूर्व विधायक नारायण पाल की ओर से आयोजित बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कॉलेज परिसर कांग्रेस के नारों और हरीश रावत के समर्थन में लगाए गए नारों से गूंज उठा।पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सितारगंज की जनता चुनाव के समय जिस तरह अपना प्यार और समर्थन देती है, अब उस समर्थन को बदलाव में बदलने का समय आ गया है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से आगामी चुनाव में बदलाव के लिए एकजुट होने की अपील की।हरीश रावत ने कहा कि सितारगंज क्षेत्र में विकास के लिए धन आने वाला है और जरूरत है कि जनता अपने क्षेत्र और प्रदेश में बदलाव की दिशा तय करे। उन्होंने बंगाली समाज समेत सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और क्षेत्र के साथ-साथ दिल्ली में भी बदलाव लाने की बात कही।

सभा को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे चुनावी पारदर्शिता और कथित वोट चोरी के मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर आवाज बुलंद की है और उनका कहना है कि अगर किसी तरह की अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

इस दौरान हरीश रावत ने हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी को भाई-भाई बताते हुए सामाजिक एकता का संदेश दिया। वहीं छात्र राजनीति में निर्वाचित छात्र नेताओं को माला पहनाकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने हरीश रावत जिंदाबाद”, नारायण पाल जिंदाबाद” और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारे लगाए। पूरा पाल कॉलेज परिसर कुछ देर के लिए राजनीतिक नारों से गूंजता नजर आया सितारगंज में हुई इस बैठक को कांग्रेस की आगामी राजनीतिक गतिविधियों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। पूर्व विधायक नारायण पाल की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ ही जनता से बदलाव के लिए एकजुट होने की अपील की।