श्रीनगर गढ़वाल। भारत रत्न एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती तथा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर श्रीनगर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से श्रीकोट बाजार तक आयोजित एकता दौड़ में प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं के साथ प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता,अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। मेडिकल कॉलेज परिसर से प्रारंभ हुई इस दौड़ में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने भी विद्यार्थियों के साथ दौड़ लगाकर इस आयोजन को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ.धन सिंह रावत ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता,दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य नेतृत्व क्षमता के बल पर देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा,समर्पण और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक दिवस का आयोजन नहीं,बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व और सामूहिक संकल्प है। देश की अखंडता,आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए सभी देशवासियों को सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और एक सशक्त,समरस एवं एकजुट भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा,भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत,चिकित्सा अधीक्षक डॉ.ए.एन.पांडेय,डॉ.दीपा हटवाल,डॉ.सुरेंद्र सिंह,डॉ.सचान भट्ट,डॉ.अमन भारद्वाज सहित मेडिकल कॉलेज के शिक्षक,चिकित्सक,कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। रन फॉर यूनिटी के माध्यम से श्रीनगर में राष्ट्र की एकता,अखंडता और सामूहिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
