श्रीनगर/कीर्तिनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड में नशे के बढ़ते अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में कीर्तिनगर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए 9.59 ग्राम अवैध स्मैक के साथ ऋषिकेश निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात्रि कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम मलेथा बंध से देवप्रयाग की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.59 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रदीप 35 वर्ष निवासी आदर्श ग्राम कुम्हारबाड़ ऋषिकेश के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस संयुक्त अभियान में उपनिरीक्षक कमल कुमार,उपनिरीक्षक आशीष शर्मा सहित कीर्तिनगर पुलिस एवं एएनटीएफ के जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियानों को निरंतर प्रभावी बनाए रखना आवश्यक है।
