कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। बाल दिवस के अवसर पर पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज डांगचौरा में उल्लास,उमंग और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर विद्यालय परिवार ने बाल दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास,खेल प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी, तालियों और उत्साह से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम सत्र में आयोजित प्रार्थना सभा से हुआ। इस दौरान प्रधानाचार्य चंडी प्रसाद देवली,वरिष्ठ शिक्षक एवं पूर्व मंडलीय मंत्री राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड शिव सिंह नेगी तथा शाखा कार्यकारिणी अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी विनोद चौहान ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने भी चाचा नेहरू को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर एस.एस.चौधरी,विनोद ममगांई,शैलेन्द्र प्रसाद थपलियाल,लखपत कंडारी,जगदीश रावत,रामेन्द्र पुंडीर,रंजन नेगी,सुमित्रा रावत,बीना रावत,सुमन घनशाला सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नेहरू जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। छात्र प्रतिनिधि के रूप में कक्षा आठ की छात्रा अंजली पडियार ने उनके जीवन पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं शिक्षक शिव सिंह नेगी ने पंडित नेहरू के जीवन,विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से विद्यार्थियों को परिचित कराया। कार्यक्रम प्रभारी विनोद चौहान ने मां शारदे एवं पंडित नेहरू को नमन करते हुए दिनभर आयोजित होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ.प्रदीप जुगराण ने प्रभावशाली ढंग से किया। प्रधानाचार्य चंडी प्रसाद देवली ने विद्यार्थियों को पंडित नेहरू के महान कार्यों और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी लखपत कंडारी रहे। इसके बाद निर्धारित समय-सारिणी में आठ वादनों को संक्षिप्त कर पठन-पाठन कराया गया तथा द्वितीय सत्र में खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। द्वितीय सत्र की शुरुआत कार्यक्रम प्रभारी विनोद चौहान ने मां शारदे और पंडित नेहरू का स्मरण करते हुए की। उन्होंने प्रधानाचार्य सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग और सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास,पूर्ण मनोयोग और उत्साहवर्धन से यह आयोजन यादगार बन सका है। बाल दिवस के उल्लास को और खास बनाने के लिए विद्यालय की दो होनहार छात्राओं आराध्या पोखरियाल और प्रियांशी पडियार से केक कटवाया गया। उल्लेखनीय है कि दोनों छात्राओं ने गत वर्ष आयु वर्ग 14 बालिका वर्ग की राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया था। इसके बाद कक्षा 12 के छात्र हिमांशु राणा ने कक्षा मॉनीटरों के सहयोग से सभी विद्यार्थियों को केक वितरित किया। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। जलेबी दौड़ में कक्षा छह के अंशुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चम्मच-कंचा दौड़ में कक्षा सात के अभिजीत ने बाजी मारी,जबकि बोरा दौड़ में कक्षा आठ के प्रिंस और प्रिया प्रथम रहे। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रधानाचार्य चंडी प्रसाद देवली,दिनेश प्रसाद फौदणी,शिव सिंह नेगी,बृजमोहन कीर्तवान,डॉ.राम सिंह बिष्ट,रामेन्द्र पुंडीर और बीना रावत ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच आयोजित रस्साकसी प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। बालिका वर्ग में कक्षा नौ एवं दस की छात्राओं ने कक्षा 11 एवं 12 की छात्राओं को पराजित किया। इसी प्रकार बालक वर्ग में भी कक्षा नौ एवं दस के विद्यार्थियों ने कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों को शिकस्त देकर जीत दर्ज की। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। खेल गतिविधियों के सफल आयोजन में रंजन नेगी और राहुल भट्ट ने विशेष योगदान दिया। जलेबी दौड़ में सोनम भट्ट,रेनू कथैत एवं लखपत कंडारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रस्साकसी प्रतियोगिता के दौरान शैलेन्द्र प्रसाद थपलियाल ने रोचक अंदाज में कमेंट्री कर माहौल को और अधिक रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिताओं में डॉ.राम सिंह बिष्ट,सुमित सेमवाल,जगदीश रावत,रंजन नेगी और राहुल भट्ट ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं विनोद ममगांई,डॉ.गौतम शर्मा,सुमन घनशाला,सुमित्रा रावत और शिशुपाल सिंह चौधरी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर प्रतियोगिताओं में विशेष ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसमें नवीन कुमार,मनोज रावत,पूजा उनियाल,अभिषेक उप्रेती,हरदेव तथा सूरत लाल ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। सभी विद्यार्थियों को गरमा-गरम समोसे और चॉकलेट वितरित की गई,जबकि शिक्षक-शिक्षिकाओं को चाय एवं समोसे परोसे गए। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य चंडी प्रसाद देवली ने पूरे आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं,कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस प्रकार पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज डांगचौरा में बाल दिवस का आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर बच्चों की प्रतिभा,खेल भावना,आपसी सहयोग और आनंद का यादगार उत्सव बन गया। दिनभर हंसी-खुशी और उल्लास के बीच आयोजित इस कार्यक्रम की मधुर स्मृतियां लेकर विद्यार्थी अपने-अपने घरों को रवाना हुए।
