सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर तेज होगा आंदोलन-नमन चंदोला

 

 

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नेशनल हाईवे अथॉरिटीज द्वारा अपनी सड़कों के चौड़ीकरण के दौरान पौड़ी को इससे दूर रखने का मामला अब गरमाता जा रहा है। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर मूखर होकर सामने आ रही है। समिति के संयोजक नमन चंदोला ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि राज्य निर्माण की जननी पौड़ी को जिस तरह 26 सालों में सरकारों ने हाशिए पर रखा है ये किसी से छिपा नहीं है। कहा कि सरकार को 26 सालों बाद भी पौड़ी की याद नहीं आ रही और ना ही सरकार के पास पौड़ी को लेकर कोई रोड मैप तैयार है। सरकार पौड़ी को कुछ दे तो नहीं सकती लेकिन पौड़ी शहर को बाइपास करके इस आंदोलनकारी नगरी के अस्तित्व को जरुर समाप्त करना चाहती है। नमन चंदोला ने कहा कि किसी भी हाल में सड़क चौड़ीकरण की मांग से समझौता नहीं होगा। पौड़ी को भी सड़क चौड़ीकरण का अधिकार है। स्थानीय जनता सुरंग नहीं सड़कों का चौड़ीकरण चाहती है लेकिन सरकार बाइपास बनाकर पौड़ी की पहचान को खत्म करना चाहती है। कहा कि सरकार पौड़ी को पहला ऐसा हिल स्टेशन बनाना चाहती है जिसे सीधे सीधे बाइपास किया जाएगा। नमन चंदोला ने कहा कि किसी भी हालत में जनता की मांग और पौड़ी की पहचान से समझौता नहीं किया जाएगा। प्रस्तावित सुरंग निर्माण का हर संभव विरोध होगा। कहा कि सरकार को 800 करोड़ की सुरंग निर्माण से अच्छा चौड़ीकरण की जद में आ रहे मकानों को मुआवजा देना चाहिए इस तरह सरकार के सिर्फ 200 से 250 करोड़ खर्च होंगे और 550 करोड़ से ज्यादा सरकार के धन की बचत होगी। कहा कि जल्द आंदोलन शुरू किया जाएगा और अगर प्रशासन और सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती तो राज्य निर्माण के बाद अब पौड़ी को बचाने के लिए भी जनता को सड़कों पर उतरना होगा। नमन चंदोला ने कहा कि पहले भी जनता के साथ आंदोलन करके हमने अपनी मांगों को मनवाया है और आगे भी ये क्रम जारी रहेगा। जनता की खुशियों और पौड़ी की पहचान के साथ किसी को खिलवाड़ करने नहीं दिया जाएगा।