सितारगंज/शक्तिफार्म बैकुंठपुर क्षेत्र के सेक्टर-3 और सेक्टर-2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नौनिहालों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास को प्राथमिकता देते हुए तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को पौष्टिक पका हुआ भोजन परोसा गया। वहीं छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराते हुए उनके स्वस्थ जीवन की कामना की गई, जबकि गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कर उन्हें मातृत्व के इस विशेष पड़ाव पर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मयंक अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की जानकारी ली और अभिभावकों से बच्चों के खानपान, स्वास्थ्य तथा देखभाल पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को शुरुआती उम्र से ही पौष्टिक आहार और बेहतर देखभाल मिलना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, नियमित देखभाल और प्रारंभिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। आयोजन में ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं सहायिकाएं, स्वास्थ्य विभाग की एएनएम, सुपरवाइजर और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से जहां बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया, वहीं गर्भवती महिलाओं को सम्मान और अपनत्व का एहसास कराते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के महत्व का संदेश भी दिया गया।
