एंटीबायोटिक के अंधाधुंध इस्तेमाल के खिलाफ जागरूकता की मुहिम-सड़कों पर उतरे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक और छात्र

 

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और मनमाना इस्तेमाल भविष्य में मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट बन सकता है। इसी खतरे के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के तहत बुधवार को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के चिकित्सकों एवं छात्र-छात्राओं ने जन-जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। मेडिकल कॉलेज परिसर से बेस चिकित्सालय तक निकाली गई इस रैली में संस्थान के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों,स्वास्थ्यकर्मियों,एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से आमजन को बताया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का बिना चिकित्सकीय परामर्श सेवन करना और निर्धारित उपचार अवधि से पहले दवा बंद कर देना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों ने लोगों को समझाया कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सक की सलाह पर ही किया जाना चाहिए। सर्दी,जुकाम और सामान्य वायरल संक्रमण जैसी बीमारियों में एंटीबायोटिक दवाएं स्वयं से लेना उचित नहीं है,क्योंकि ये दवाएं वायरस पर प्रभावी नहीं होतीं। इनके अनावश्यक इस्तेमाल से बैक्टीरिया में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने लगती है,जिससे भविष्य में गंभीर संक्रमणों का उपचार भी कठिन हो सकता है। रैली के माध्यम से यह महत्वपूर्ण संदेश दिया गया कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) केवल चिकित्सा जगत की चुनौती नहीं,बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए चिंता का विषय है। इसके नियंत्रण के लिए चिकित्सकों,स्वास्थ्यकर्मियों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। चिकित्सकों ने आमजन से अपील की कि एंटीबायोटिक दवाओं को न तो अपनी मर्जी से शुरू करें और न ही किसी दूसरे व्यक्ति की बची हुई दवाओं का सेवन करें। चिकित्सक द्वारा निर्धारित खुराक और उपचार संबंधी निर्देशों का पालन करें। जागरूकता,जिम्मेदार व्यवहार और दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग से ही एंटीबायोटिक की प्रभावशीलता को भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है। रैली ने दिया स्पष्ट संदेश-एंटीबायोटिक का सही इस्तेमाल करें,रोगाणुरोधी प्रतिरोध के खतरे से मानवता को बचाएं।