ट्राइबल डांस, जुंबा और फेलिज नविदाद पर बच्चों ने बिखेरा जलवा, फेट में बच्चों और अभिभावकों ने उठाया उत्सव का आनंद
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी के चिल्ड्रेन्स एकेडमी प्ले स्कूल में क्रिसमस फिएस्टा एवं फेट का आयोजन हर्षाेल्लास और उत्सवी माहौल में किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने जहां दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में अभिभावकों और अतिथियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती शालिनी मणि एवं विशेष अतिथि मार्क ओहर उपस्थित रहे। इनके अलावा श्रीमती एम्बर कंवर, श्री श्रीधर, श्री अजय मार्क एवं श्री ग्रीन ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापिका श्रीमती जून उषा रानी मिश्रा के प्रिय भाई एवं विनबर्ग एलन स्कूल के समर्पित शिक्षक सर जॉन बसु को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित लोगों ने उनकी स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। इसके बाद नन्हे कलाकारों ने ट्राइबल डांस, जुंबा, फेलिज नविदाद, बूम्बास्टिक और भावपूर्ण गुडबाय डांस की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों की शानदार ऊर्जा, मासूमियत और आत्मविश्वास ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस वर्ष टाइफाइड के प्रकोप, खराब मौसम और सरकारी आदेशों के चलते विद्यालय में अधिक अवकाश रहने के कारण कार्यक्रम को सीमित स्वरूप में आयोजित किया गया। इसके बावजूद बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुतियां देकर आयोजन को यादगार बना दिया। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बेस्ट ऑलराउंडर में रुद्रांश सजवान, दिव्या पंवार और कार्तिक रावत को सम्मान मिला। पूर्ण उपस्थिति के लिए कार्तिक पंवार, प्रेशा सिंह और देव पंवार को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट यूनिफॉर्म में ज़ैन अली, रुद्रवीर कोठियाल और रुद्राक्षी बिजेता तथा बेस्ट हैंडराइटिंग में काइलर मैक्सवेल सिलास, मालविका दयाल और श्रेया उनियाल को सम्मानित किया गया। विद्यालय की संस्थापिका श्रीमती जून उषा रानी मिश्रा के दूरदर्शी प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वह वर्ष 1970 से शिक्षा के क्षेत्र में पीढ़ियों को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। वर्ष 1991 में स्थापित चिल्ड्रेन्स एकेडमी प्ले स्कूल अपनी शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों की परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रहा है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सुश्री नैन्सी मॉरिस के मार्गदर्शन में विद्यालय के समस्त स्टाफ और लखनऊ स्टाफ के योगदान की सराहना की गई। संगीत टीम के श्री ऋषभ, श्री धीरज और सुश्री वनेसा सहित शिक्षण एवं सहायक कर्मचारियों को विशेष धन्यवाद दिया गया। वहीं मैम स्वर्ण बत्रा के लंबे योगदान को भी याद किया गया, जो विद्यालय की स्थापना से ही ब्।च्ै मसूरी और चिल्ड्रेन्स एकेडमी लखनऊ से जुड़ी हुई हैं। कार्यक्रम का समापन क्रिसमस फेट के साथ हुआ, जहां बच्चों, अभिभावकों और अतिथियों ने विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया। पूरे आयोजन ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही आपसी मेलजोल, रचनात्मकता और उत्सव की खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान किया।
