पौड़ी में 23 नवंबर को लगेगा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर-विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे आंखों की जांच

 

 

 

पौड़ी गढ़वाल। पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को बेहतर,सुलभ एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। जनपद पौड़ी गढ़वाल में आगामी 23 नवंबर 2026,सोमवार को उत्तरा केयर हॉस्पिटल में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। आईएसएसए फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में देश के प्रतिष्ठित एएसजी आई हॉस्पिटल के अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देंगे। शिविर का समय प्रात-10.30 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस जनहितकारी पहल से पौड़ी सहित आसपास के ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को अपने ही जनपद में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की सेवाएं प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से बुजुर्गों,आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें आंखों के उपचार के लिए देहरादून अथवा अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। शिविर में आंखों से कम दिखाई देना,आंखों से पानी आना,रात्रि में कम दिखाई देना,आंखों में लालिमा,सिरदर्द,आंखों का टेढ़ापन,मोतियाबिंद,पलकों से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न नेत्र रोगों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही चश्मे के नंबर,आंखों के पर्दे और दृष्टिपटल से जुड़ी बीमारियों की पहचान कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उचित परामर्श दिया जाएगा। मरीजों को मोतियाबिंद,दृष्टिपटल,नेत्रपटल,आंखों के दबाव से संबंधित रोगों तथा अन्य नेत्र समस्याओं के उपचार के विकल्पों की जानकारी भी दी जाएगी। शिविर का उद्देश्य आंखों की बीमारियों की समय रहते पहचान करना और लोगों को उचित उपचार के प्रति जागरूक करना है। एएसजी आई हॉस्पिटल देश के प्रमुख नेत्र चिकित्सा समूहों में शामिल है। इस संस्था का विस्तार भारत के 95 से अधिक शहरों में 180 से अधिक नेत्र चिकित्सालयों तक है। आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा सेवाओं के लिए पहचान रखने वाले इस समूह के चिकित्सक पौड़ी में आयोजित शिविर में अपनी सेवाएं देंगे। इस सहयोग से स्थानीय लोगों को बड़े शहरों जैसी विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा का परामर्श अपने जनपद में ही मिल सकेगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड,कर्मचारी राज्य बीमा योजना,केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना,भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना तथा विभिन्न तृतीय पक्ष स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के माध्यम से नियमानुसार उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है। जनसेवा के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

आईएसएसए फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक इंदरजीत सिंह नेगी के मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ.विनोद तोलिया के नेतृत्व में उत्तरा केयर हॉस्पिटल द्वारा पौड़ी जनपद एवं आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल के वरिष्ठ विकिरण विशेषज्ञ एवं जनसंपर्क तथा जनस्वास्थ्य कार्यक्रम प्रमुख डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि संस्था का उद्देश्य बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आंखें मानव जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं। आंखों से संबंधित किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श से कई गंभीर बीमारियों की पहचान कर उनका उचित उपचार संभव है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस निःशुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने परिवार के बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को भी आंखों की जांच के लिए प्रेरित करें। शिविर दिनांक-23 नवंबर 2026,सोमवार,समय-प्रात 10.30 बजे से सायं 5 बजे तक,स्थान-उत्तरा केयर हॉस्पिटल, पौड़ी गढ़वाल आयोजक-आईएसएसए फाउंडेशन एवं उत्तरा केयर हॉस्पिटल,सहयोग-एएसजी आई हॉस्पिटल पंजीकरण एवं जानकारी के लिए संपर्क करें-8076080808,01368-313477,8272866989 आईएसएसए फाउंडेशन एवं उत्तरा केयर हॉस्पिटल प्रबंधन ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का लाभ उठाकर अपनी आंखों की जांच अवश्य कराएं। स्वस्थ दृष्टि,स्वस्थ जीवन-विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा अब आपके अपने जनपद पौड़ी में।