अपेक्स बिल्डस लिमिटेड, सेक्टर-9, प्लॉट नंबर-11, सिडकुल, पंतनगर, रुद्रपुर, जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड)।
ऐरा श्रमिक संगठन के नेतृत्व में अपेक्स बिल्डस लिमिटेड के मजदूर अपने रोजगार और अधिकारों की मांग को लेकर पिछले 58 दिनों से कंपनी गेट पर लगातार अनिश्चितकालीन सत्याग्रह कर रहे हैं।
सबसे दुखद और पीड़ादायक स्थिति यह है कि विश्वकर्मा पूजा, करवाचौथ, दशहरा, दीपावली और भैयादूज जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों पर भी मजदूर अपने परिवारों के साथ खुशियां नहीं मना सके। जब पूरा देश त्योहारों की खुशियां मना रहा था, तब ये मजदूर अपने रोजगार और परिवार के भविष्य की उम्मीद लेकर कंपनी गेट पर बैठे रहे।
मजदूरों का कहना है कि न्यायालय एवं NCLT के आदेशों के बावजूद आज तक उन्हें रोजगार और न्याय नहीं मिल पाया है। आखिर ऐसे आदेशों का क्या औचित्य रह जाता है, जब वर्षों से संघर्ष कर रहे मजदूरों को उनका अधिकार और रोजगार प्राप्त नहीं हो रहा है?
अपेक्स बिल्डस लिमिटेड के मजदूर पिछले लगभग 10 वर्षों से अपने रोजगार और अधिकारों के लिए संघर्षरत हैं। देश को आजाद हुए 80 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज भी मजदूर अपने ही देश में रोजगार और सम्मानजनक जीवन के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।
मजदूरों का दर्द है कि जिस आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया, क्या उस आजादी में मजदूरों को अपने अधिकारों के लिए भी इतनी लंबी लड़ाई लड़नी पड़ेगी? आज मजदूर स्वयं को ऐसी परिस्थितियों में प्रताड़ित और बेबस महसूस कर रहे हैं, जहां उनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं है।
आज सत्याग्रह पर उपस्थित मजदूर सुनील कुमार, भरत जोशी, लीलाधर, सुरेश कुमार, रमेश यादव, सूर्यभान यादव, अशोक वर्मा, अब्दुल समद, भूप राम, प्रकाश चंदकांडपाल, सतविंदर सिंग आदि उपस्थित है
ऐरा श्रमिक संगठन की प्रमुख मांगें:
1. NCLT एवं न्यायालय के आदेशों का नियमानुसार पूर्ण पालन कराया जाए।
2. मजदूरों को पूर्व की भांति सहवेतन रोजगार पर बहाल किया जाए।
3. मजदूरों को उनका कानूनी एवं संवैधानिक अधिकार दिलाया जाए।
4. प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
5. पिछले 10 वर्षों से संघर्षरत मजदूरों को न्याय दिलाकर उनके परिवारों को आर्थिक संकट से बाहर निकाला जाए।
ऐरा श्रमिक संगठन प्रशासन, शासन एवं संबंधित अधिकारियों से मांग करता है कि मजदूरों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए तत्काल न्याय दिलाया जाए।
